छात्राओं की समस्याओं का अब होगा त्वरित समाधान, रोहतास में विद्यार्थी सहयोग कार्यक्रम आयोजित
फोटो कैप्शन : रोहतास महिला कॉलेज में आयोजित विद्यार्थी सहयोग कार्यक्रम में शामिल कॉलेज प्राचार्य, पदाधिकारी व अन्य. | Prabhat Khabar Network
रोहतास जिले के कॉलेजों में छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थी सहयोग कार्यक्रम आयोजित, सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी।
Rohtas News : छात्राओं की समस्याओं एवं सुझावों के त्वरित, संवेदनशील, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को जिले के विभिन्न कॉलेजों में विद्यार्थी सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिला प्रशासन, रोहतास की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, शैक्षणिक सहायता, कौशल विकास और छात्र कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गयी. साथ ही छात्राओं की समस्याएं और जिज्ञासाएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया.
आपके शहर में
छात्राओं से सीधे संवाद कर सुनी गयीं समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं की जानकारी ली गयी. संबंधित मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की दिशा में पहल की गयी. छात्राओं को अपनी समस्याएं रखने के लिए सुलभ और प्रभावी मंच उपलब्ध कराने के साथ कॉलेज प्रशासन व जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा.
शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की दी गयी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को अपनी समस्याओं और शिकायतों को उचित माध्यम से दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया. छात्राओं ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किये तथा उपलब्ध सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त की. अधिकारियों ने छात्राओं को बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं सामने रखने के लिए प्रेरित किया.
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल से मिलेगा समस्याओं के समाधान का मंच
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के नोडल पदाधिकारी हिमांशु शेखर ने कार्यक्रम के समग्र अनुश्रवण और समन्वय की जिम्मेदारी संभाली. संबंधित कॉलेजों के प्राचार्य, प्रशासी पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ समन्वय कर कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं छात्रा केंद्रित बनाने के लिए आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन दिया गया.
सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर प्रशासन का जोर
जिला प्रशासन के अनुसार विद्यार्थी सहयोग कार्यक्रम छात्राओं और प्रशासन के बीच प्रत्यक्ष संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. छात्राओं की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए