रोहतास में DDC की बैठक में बिजली व्यवस्था पर गरमाया मुद्दा, सांसद-विधायकों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं
बैठक में शामिल बिजली विभाग के अधिकारी | Prabhat Khabar Network
सासाराम में जिला विद्युत समिति की बैठक में जर्जर तार-पोल बदलने और बिजली योजनाओं को समय पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। जानिए पूरी खबर।
Rohtas News : जिले में बिजली व्यवस्था को और मजबूत करने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने को लेकर मंगलवार को जिला विद्युत समिति (डीईसी) की बैठक हुई. डीआरडीए सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता काराकाट सांसद सह जिला विद्युत समिति के अध्यक्ष राजाराम सिंह ने की. बैठक में जिले में चल रही विद्युत परियोजनाओं और केंद्र व राज्य सरकार की ऊर्जा योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी.
आपके शहर में
जर्जर तार-पोल बदलने और आपूर्ति सुधारने की उठी मांग
बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, लंबित परियोजनाओं, ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विद्युत नेटवर्क के विस्तार और जर्जर विद्युत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया गया. जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली से जुड़ी समस्याओं को समिति के समक्ष रखा. उन्होंने जर्जर तार-पोल बदलने, बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान कराने की मांग की.
सूर्य घर योजना का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना समेत केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न ऊर्जा योजनाओं की भी समीक्षा की गयी. अधिकारियों को पात्र उपभोक्ताओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर काम करने को कहा गया. विद्युत परियोजनाओं में आ रही अड़चनों को दूर कर लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया.
बिजली योजनाओं में देरी पर सांसद ने जतायी नाराजगी
अध्यक्ष राजाराम सिंह ने कहा कि विद्युत योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाये गये मुद्दों का नियमानुसार त्वरित समाधान किया जाए. उन्होंने अधिकारियों को बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत नेटवर्क को और मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.
बैठक में सांसद-विधायक समेत कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में सांसद मनोज कुमार, विधान परिषद सदस्य अशोक कुमार पाण्डेय तथा विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, वशिष्ट सिंह, आलोक कुमार सिंह, नागेंद्र चंद्रवंशी और राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह मौजूद रहे. विद्युत अधीक्षण अभियंता ई. इंद्रदेव कुमार ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी दी. जिला विद्युत समिति के संयोजक सह जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए