रोहतास: चेनारी पंचायत समिति की बैठक में जनसमस्याओं पर मंथन, अतिक्रमण-जलनिकासी और मनरेगा कार्यो पर उठे सवाल
फोटो कैप्शन:- पंचायत समिति के बैठक में शामिल जनप्रतिनिधि और अधिकारी | Prabhat Khabar Network
चेनारी पंचायत समिति की बैठक में अतिक्रमण, मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से कड़े सवाल किए।
Rohtas News : रोहतास जिला के चेनारी प्रखंड कार्यालय स्थित मनरेगा भवन के सभागार में बुधवार को आयोजित पंचायत समिति की बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में चेनारी मुख्य बाजार में अतिक्रमण, विद्यालय परिसर की समस्याएं, जलनिकासी, मनरेगा योजनाओं में पारदर्शिता तथा बिहार से बाहर कार्यरत मजदूरों की मृत्यु पर मुआवजा देने जैसे महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से उठाए गए.
गुप्ताधाम मार्ग पर अतिक्रमण से रोज लग रहा जाम
बैठक में सदस्यों ने कहा कि सावन माह में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु गुप्ताधाम जाने के लिए चेनारी होकर गुजरते हैं, लेकिन कर्पूरी चौक से वन विभाग कार्यालय तक सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है. इससे श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और छोटे-बड़े वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. सदस्यों ने प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की मांग की.
जलनिकासी और विद्यालय परिसर की समस्याओं पर चिंता
उप प्रमुख विकास कुमार ने कई पंचायतों में अतिक्रमण, नाली-गली निर्माण और जलनिकासी की समस्या उठाते हुए कहा कि बरसात के दिनों में लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है. वहीं सदोखर पंचायत के मुखिया मृत्युंजय सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने विद्यालय परिसर में अतिक्रमण और जलनिकासी की समस्या का मामला उठाकर शीघ्र समाधान की मांग की.
मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग
बैठक में पेवन्दी पंचायत में मनरेगा योजना के तहत कराए गए फेबर ब्लॉक निर्माण कार्य में सूचना पट्ट नहीं लगाए जाने का मामला भी गरमाया. सदस्यों ने कहा कि बिना सूचना पट्ट के योजना की लागत, अवधि और अन्य आवश्यक जानकारी आम लोगों तक नहीं पहुंच पाती. इस पर संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा गया और सभी योजनाओं में अनिवार्य रूप से सूचना पट्ट लगाने की मांग की गई.
बाहर काम करने वाले मजदूरों के लिए मुआवजे का प्रस्ताव
बैठक में श्रम संसाधन विभाग के माध्यम से यह प्रस्ताव पारित करने की मांग उठी कि बिहार से बाहर फैक्ट्रियों में कार्यरत मजदूरों की मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता मिल सके.
जनप्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं
बैठक में खुरमाबाद की पंचायत समिति सदस्य प्रियंका, उगहनी की लक्ष्मीना, मल्हीपुर की शोभा, देवीडीही की मीना बीवी, डिहरिया की गायत्री सहित 11 पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाईं. बैठक में प्रमुख सुमन देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, अंचलाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार, एलईओ कपिल देव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने सभी मुद्दों पर नियमानुसार कार्रवाई और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










