रोहतास: ‘माय भारत अभियान’ को मिलेगी नई रफ्तार,15 अगस्त तक हर पात्र युवा को पोर्टल से जोड़ने का DM ने दिया निर्देश

बैठक में उपस्थित अधिकारी व अन्य
रोहतास जिले में माय भारत अभियान को गति देने की तैयारी तेज हो गई है. जिला सलाहकार समिति की बैठक में युवाओं की राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा और कौशल विकास में भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया. शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी.
Rohtas My Bharat Abhiyan : रोहतास जिले में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा व कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से माय भारत अभियान को गति देने की तैयारी शुरू कर दी गई है. इसी को लेकर शुक्रवार की देर शाम 17 जुलाई 2026 को समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी कार्यालय कक्ष में माय भारत जिला सलाहकार समिति (डीएसी) की बैठक आयोजित की गई.
बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्र ने की. इस दौरान जिले में माय भारत कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, युवाओं की सक्रिय भागीदारी और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
Sasaram News : युवाओं को पोर्टल से जोड़ने पर जोर
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में किया जाना जरूरी है. बैठक में 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चल रहे देशव्यापी पंजीकरण अभियान की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष पंजीकरण अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने का आदेश दिया.
उन्होंने कहा कि युवाओं को सिर्फ शिक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सामाजिक सेवा, कौशल विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में भी उनकी भागीदारी बढ़नी चाहिए.
Youth Development : कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिले के कई महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य शामिल हुए. इसमें उप विकास आयुक्त, जिला युवा अधिकारी, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, लीड बैंक प्रबंधक, सिविल सर्जन कार्यालय के प्रतिनिधि, कौशल विकास विभाग के अधिकारी, एनसीसी प्रतिनिधि, भारत स्काउट एंड गाइड्स, डीआरडीए, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी मौजूद रहे.
सभी अधिकारियों ने माय भारत अभियान को सफल बनाने के लिए अपने-अपने विभागों के स्तर से सहयोग करने की बात कही.
नशा मुक्त भारत अभियान की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान को लेकर भी समीक्षा की गई. जिला पदाधिकारी ने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है. इसके लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के प्रत्येक विद्यालय और महाविद्यालय में माय भारत एम्बेसडर या नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे, जो युवाओं को कार्यक्रमों से जोड़ने और गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
विभागों के बीच बेहतर समन्वय का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा और कौशल विकास से जोड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने की जरूरत है.
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि माय भारत अभियान को केवल एक कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि युवाओं के विकास और उनकी सकारात्मक भागीदारी के बड़े मंच के रूप में आगे बढ़ाया जाए.
युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की तैयारी
बैठक के बाद प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में माय भारत अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे. अब विद्यालयों और महाविद्यालयों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने की प्रक्रिया तेज की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










