मांझरकुंड में सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने भोजन किया, विवाद के बाद वन विभाग ने बदल दिया नियम
मांझरकुंड में भोजन करते सांसद उपेंद्र कुशवाहा व इनसेट में प्रेसवार्ता करते रालोमो जिलाध्यक्ष कपील कुशवाहा | Prabhat Khabar Network
Sasaram News : राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा के मांझरकुंड में पार्टी करने को लेकर उठे विवाद के बाद वन विभाग ने नियमों में बदलाव किया है. अब पर्यटक बाहर से भोजन ले जाकर झरने का आनंद ले सकेंगे.
Sasaram News : राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो सह राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा के मांझरकुंड में पार्टी करने को लेकर उठा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. पूर्व विधायक डॉ. अशोक कुमार के आरोपों से आहत राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष कपिल कुशवाहा ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले पर सफाई दी. उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को यह जानकारी नहीं थी कि मांझरकुंड क्षेत्र में भोजन करना प्रतिबंधित है. इसी कारण सांसद उपेंद्र कुशवाहा के साथ वहां भोजन किया गया.

वन विभाग ने भोजन को लेकर नियम में किया बदलाव
राज्यसभा सांसद के मांझरकुंड में पार्टी करने और इसके बाद रालोमो जिलाध्यक्ष कपिल कुशवाहा के बयान के बाद वन विभाग ने वहां भोजन को लेकर नियम में आंशिक बदलाव किया है. वन विभाग के डीएफओ स्टालिन फीडल कुमार ने कहा कि मांझरकुंड में भोजन पकाने पर प्रतिबंध जारी रहेगा. हालांकि, लोग बाहर से भोजन लेकर वहां पार्टी मना सकते हैं.
डीएफओ के इस बयान के बाद जिले के सैलानियों को कुछ राहत मिली है. अब वे बाहर से भोजन लेकर मांझरकुंड में झरने के बीच भोजन कर सकेंगे.

मांझरकुंड में भोजन प्रतिबंधित होने की नहीं थी जानकारी
जिलाध्यक्ष कपिल कुशवाहा ने कहा कि मांझरकुंड में भोजन करना प्रतिबंधित होने की जानकारी नहीं होने के कारण सांसद के साथ वहां पार्टी की गयी. उन्होंने कहा कि यह कोई बड़ी बात नहीं है. बड़ी बात यह है कि पूर्व विधायक डॉ. अशोक कुमार ने उनके सांसद को मातमपुर्सी वाले घरों को ढूंढने वाला बताया है. उन्होंने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि उपेंद्र कुशवाहा अपने लोगों के हर सुख-दुख में उनके घर जाते हैं.
Also Read : बक्सर: सफाईकर्मियों के भुगतान में हड़ताल अवधि की राशि कटने पर विरोध, अधिकारियों के आश्वासन के बाद काम शुरू
पूर्व विधायक के बयान पर जिलाध्यक्ष ने जतायी आपत्ति
कपिल कुशवाहा ने कहा कि वह पूर्व विधायक डॉ. अशोक कुमार के साथ रह चुके हैं और उनकी सामाजिक हैसियत को नजदीक से देखा है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व विधायक स्वयं दूसरे का घर लूटकर खाते थे. उन्होंने कहा कि डॉ. अशोक कुमार को अपने सांसद को अपने जैसा नहीं समझना चाहिए.
जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि पूर्व विधायक की मानसिक स्थिति खराब हो गयी है और उन्हें इलाज कराने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि यदि इलाज के लिए उन्हें पैसों की जरूरत होगी, तो रालोमो के कार्यकर्ता इसके लिए तैयार हैं और उनके लिए चंदा करने को भी तैयार हैं.
दस साल विधायक रहे, पहले अपने कार्यों का हिसाब दें
कपिल कुशवाहा ने कहा कि डॉ. अशोक कुमार दस साल तक विधायक रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इस दौरान उन्होंने कौन-कौन से विकास कार्य किये, यह जनता जानती है. उन्होंने कहा कि पहले पूर्व विधायक अपने कार्यों का हिसाब दें, उसके बाद किसी से हिसाब मांगें.
सैलानियों ने सांसद को दी बधाई
शहर के रामायण सिंह, राजेश कुमार, कमलेश कुमार आदि ने सांसद उपेंद्र कुशवाहा द्वारा मांझरकुंड में प्रतिबंध के बावजूद भोजन करने और इसके बाद वन विभाग द्वारा नियम में बदलाव किये जाने को लेकर उन्हें बधाई दी है.
Also Read : मांझर कुंड में भोजन ले जाने और पकाने पर रोक के बीच सांसद उपेंद्र कुशवाहा के वायरल वीडियो से उठा विवाद
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए