सासाराम के तेंदुनी चौक पर सियार का आतंक, दर्जनभर से अधिक लोगों को काटकर किया घायल
पीड़ितों से बात करते एसडीएम और डीएस | Prabhat Khabar Network
Sasaram News : सासाराम के तेंदुनी चौक पर शुक्रवार रात सियार के आतंक ने अफरातफरी मचा दी. एक सियार ने दर्जनभर से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया. घायलों को अस्पताल में रैबीज रोधी इंजेक्शन दिए गए हैं और वन विभाग मृत सियार के पोस्टमार्टम की तैयारी कर रहा है.
Sasaram News : शहर के तेंदुनी चौक के आसपास शुक्रवार की रात करीब आठ बजे उस समय अफरातफरी मच गयी, जब एक सियार ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया. देखते ही देखते सियार ने दर्जनभर से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया. घटना के बाद तेंदुनी चौक और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया.
घायलों को अस्पताल में लगाया गया रैबीज रोधी इंजेक्शन
सियार के हमले में घायल लोग इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे. देर रात तक आठ पीड़ित अस्पताल पहुंच चुके थे. अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अभिनंदन कुमार की मौजूदगी में सभी घायलों को रैबीज रोधी इंजेक्शन लगाया गया और प्राथमिक उपचार किया गया. सूचना मिलने पर अनुमंडलाधिकारी दिलीप कुमार भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना.
Also Read : पुलिस बल के ठहराव से कैमूर के इंटर कॉलेज में पढ़ाई प्रभावित, परीक्षा के लिए थाना पहुंचे 200 से अधिक छात्र
युवक के होठ को बुरी तरह काटा, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
अनुमंडलाधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने सियार को मार दिया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सियार ने करीब 12 से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया है. इनमें एक युवक की स्थिति हमले में गंभीर हो गयी. सियार ने युवक के होठ को बुरी तरह काट लिया, जिसके बाद उसका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. अन्य सभी घायलों की स्थिति बेहतर बतायी गयी है और फिलहाल किसी तरह के खतरे की बात नहीं है.
Also Read : बड़ी तकिया मारपीट मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, मेडिकल जांच के बाद भेजा गया जेल
वन विभाग ने मृत सियार को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत सियार को अपने कब्जे में ले लिया. वन रेंज पदाधिकारी विनय कुमार ने बताया कि सियार का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पोस्टमार्टम के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि सियार रैबीज से संक्रमित था या किसी अन्य कारण से असामान्य व्यवहार कर रहा था, अथवा उसने सामान्य अवस्था में लोगों पर हमला किया था.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए