पुलिस बल के ठहराव से कैमूर के इंटर कॉलेज में पढ़ाई प्रभावित, परीक्षा के लिए थाना पहुंचे 200 से अधिक छात्र
परीक्षा केंद्र पर पहुंची पुलिस | Prabhat Khabar Network
Kaimur News : भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित राजर्षि शारिवाहन इंटर कॉलेज में पुलिस बल के ठहराव के कारण पठन-पाठन पूरी तरह ठप हो गया है. अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू होने पर 200 से अधिक छात्र-छात्राओं को जगह न मिलने पर समस्या का सामना करना पड़ा. वैकल्पिक व्यवस्था के तहत डिग्री कॉलेज में परीक्षा कराई गई.
Kaimur News : भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित राजर्षि शारिवाहन इंटर कॉलेज में विधानसभा चुनाव के समय से पुलिस बल के जवानों के ठहरने के कारण विद्यालय भवन का उपयोग पठन-पाठन के लिए नहीं हो पा रहा है. इससे विद्यालय में पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है. शुक्रवार से इंटर कॉलेज की अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू होनी थी, लेकिन परीक्षा के लिए विद्यालय पहुंचे 200 से अधिक छात्र-छात्राओं को जगह उपलब्ध नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा.
परीक्षा की व्यवस्था नहीं होने पर थाना पहुंचे छात्र-छात्राएं
परीक्षा की व्यवस्था नहीं होने से आक्रोशित छात्र-छात्राएं सामूहिक रूप से भगवानपुर थाना पहुंचे. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत कराते हुए परीक्षा के लिए तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की.
छात्रों का कहना था कि विद्यालय भवन में पुलिस बल के ठहरने के कारण परीक्षा आयोजित कराने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है. ऐसे में परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ा.
डिग्री कॉलेज में करायी गयी पहली परीक्षा
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. परीक्षार्थियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में भगवानपुर डिग्री कॉलेज में परीक्षा कराने का अनुरोध किया गया. विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि तत्काल पहली परीक्षा डिग्री कॉलेज में करायी जा रही है.
Also Read : कैमूर में आस्था और भक्तिभाव से हुई भगवान विश्वकर्मा की पूजा, प्रतिष्ठानों में दिनभर चला पूजन
शुक्रवार शाम तक विद्यालय भवन खाली कराने का आश्वासन
पुलिस की ओर से बताया गया कि शुक्रवार की शाम तक विद्यालय भवन को हर हाल में खाली करा दिया जायेगा, ताकि आगे की परीक्षाएं निर्धारित स्थान पर करायी जा सकें.

एसपी और डीएम को पहले ही दी गयी थी जानकारी
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय भवन में पुलिस बल के ठहराव के कारण उत्पन्न समस्या की जानकारी पूर्व में कैमूर एसपी और जिला पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर दी गयी थी. इसके बावजूद समय रहते समस्या का समाधान नहीं हो सका.
उन्होंने बताया कि परीक्षा शुरू होने पर छात्र-छात्राओं को परेशानी हुई और वे समाधान की मांग को लेकर थाना पहुंचे. इसके बाद तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पहली परीक्षा डिग्री कॉलेज में करायी जा रही है.
Also Read : कैमूर के निरबिसपुर पुल पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका समेत तीन घायल
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए