भलूनी भवानी धाम में 10 करोड़ से बनेगा इको पार्क, पर्यटन को मिलेंगे नये पंख

तुतला भवानी की तर्ज पर संवर रहा भलूनी धाम, 31 एकड़ में दिखेगी हरियाली और आधुनिकता
तुतला भवानी की तर्ज पर संवर रहा भलूनी धाम, 31 एकड़ में दिखेगी हरियाली और आधुनिकता
बंदरों के लिए लगेंगे विशेष फलदार पौधे, ट्री हाउस और बम्बू वॉच टॉवर होंगे आकर्षण का केंद्रवित्तीय वर्ष के अंत तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के लिए होंगी खास सुविधाएं
फोटो -5- 31 एकड़ एरिया में चल रहा काम. संतोष चंद्रकांत, बिक्रमगंजरोहतास जिले के दिनारा प्रखंड स्थित भलूनी भवानी धाम अब एक बड़े परिवर्तन की ओर बढ़ रहा है. इस ऐतिहासिक व प्राकृतिक महत्व वाले स्थल को करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 31 एकड़ में अत्याधुनिक इको पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है. वन विभाग से संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना को इस वित्तीय वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसकी जानकारी वन रेंज पदाधिकारी विनय कुमार ने दी. उन्होंने इसके निर्माण राशि में वृद्धि की संभावना भी व्यक्त की है.
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा पार्क
प्रस्तावित इको पार्क को सभी आयु वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया जा रहा है. बच्चों के लिए आधुनिक चिल्ड्रेन पार्क और विभिन्न खेल-कूद के उपकरण लगाये जा रहे हैं, वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से शांत और आरामदायक बैठने की व्यवस्था की जा रही है. पार्क में आकर्षक गजीबो (छत वाले खुले मंडप) कई जगह बनाये जायेंगे. साथ ही ट्री हाउस और बम्बू वॉच टॉवर जैसे विशेष आकर्षण विकसित किये जा रहे हैं, जो इसे पर्यटन की दृष्टि से खास बनायेंगे. परियोजना के तहत एक मॉडिफाइड झरना, सुंदर पाथवे, स्वच्छ बाथरूम और दो भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण भी किया जा रहा है. पूरे क्षेत्र को हरियाली से आच्छादित करने के लिए सैकड़ों फलदार पौधे और रंग-बिरंगे फूल लगाये जा रहे हैं, जिससे प्राकृतिक सौंदर्य में और वृद्धि होगी.बंदरों के संरक्षण पर विशेष ध्यान
भलूनी धाम की एक विशेष पहचान यहां के हजारों बंदर हैं, जो वर्षों से इस क्षेत्र में निवास करते आये हैं. इनके संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए बड़ी संख्या में फलदार पौधे लगाये जा रहे हैं, ताकि उनका प्राकृतिक आवास सुरक्षित बना रहे और उन्हें पर्याप्त आहार मिल सके.पर्यटन के नक्शे पर उभरेगा धाम
इस परियोजना को तुतला भवानी धाम की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, जो पहले से ही जिले का प्रमुख पर्यटन स्थल है. अधिकारियों का मानना है कि इको पार्क बनने के बाद भलूनी भवानी धाम भी पर्यटन के नक्शे पर प्रमुखता से उभरेगा. स्थानीय लोगों में इस विकास को लेकर उत्साह है, क्योंकि इससे न केवल क्षेत्र की पहचान बढ़ेगी, बल्कि रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे. आने वाले समय में यह धाम प्राकृतिक सौंदर्य, आधुनिक सुविधाओं और धार्मिक आस्था के संगम के रूप में एक नया केंद्र बनकर उभरेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










