रोहतास: नोखा में प्रशासन का इंतजार खत्म, JCB लेकर खुद अतिक्रमण हटाने पहुंच गए सैकड़ों किसान

Updated:
विज्ञापन
करहा से अतिक्रमण हटाने जेसीबी लेकर पहुंचे सैकड़ों किसान

फोटो कैप्शन: बस स्टैंड स्थित करहा से अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी और कुदाल लेकर पहुंचे किसान | Prabhat Khabar Network

रोहतास के नोखा में प्रशासनिक कार्रवाई में देरी से नाराज किसानों ने खुद मोर्चा संभाल लिया. सैकड़ों किसान जेसीबी, कुदाल और फावड़ा लेकर श्रीखिंडा पैरलल चेन रजवाहा से अतिक्रमण हटाने पहुंचे. किसानों की मांग है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी हो.

विज्ञापन

Nokha Canal Encroachment Removal Rohtas : रोहतास के नोखा में प्रशासनिक कार्रवाई में देरी से नाराज किसानों ने मंगलवार को खुद मोर्चा संभाल लिया. बस स्टैंड स्थित डॉ. अंबिका सिंह स्कूल के पास श्रीखिंडा पैरलल चेन रजवाहा (करहा) से अतिक्रमण हटाने के लिए सैकड़ों किसान जेसीबी, कुदाल और फावड़ा लेकर पहुंच गए. पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अतिक्रमण हटाने पर अड़े रहे.

Rohtas News : एक महीने से कार्रवाई का कर रहे थे इंतजार

किसानों का कहना है कि करहा पर हुए अतिक्रमण की शिकायत 1 जून 2026 को अंचलाधिकारी और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से की गई थी. इसके बाद 3 जुलाई को जिलाधिकारी को भी आवेदन दिया गया, लेकिन एक माह से अधिक समय बीतने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई. इससे नाराज किसानों ने 12 जुलाई को बैठक कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया.

जेसीबी और फावड़ा लेकर शुरू किया अभियान

मंगलवार को सैकड़ों किसान जेसीबी मशीन, कुदाल और फावड़ा लेकर करहा पर पहुंचे और अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया. किसानों का आरोप था कि अतिक्रमण के कारण पानी का प्राकृतिक प्रवाह पूरी तरह बाधित हो गया था, जिससे धान की खेती के लिए सिंचाई का पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा था.

पुलिस ने रोका, लेकिन नहीं माने किसान

सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की. पुलिस ने प्रशासन की ओर से नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया, लेकिन किसान अपने फैसले पर कायम रहे और करहा को अतिक्रमण मुक्त करा दिया.

भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, यह मांग

अभियान के दौरान कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में हालात नियंत्रण में रहे और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद कुमार सहित सैकड़ों किसानों ने प्रशासन से मांग की कि करहा पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन