डेहरी-अकबरपुर मुख्य सड़क पर जलजमाव से बढ़ी परेशानी, बकनौरा पेट्रोल पंप के पास दुर्घटना का खतरा

मुख्य सड़क पर बहता पानी
डेहरी-अकबरपुर मुख्य सड़क पर बकनौरा पेट्रोल पंप के पास नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने से गंभीर जलजमाव की स्थिति बन गई है. लंबे समय से नाली की सफाई न होने के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है.
Rohtas News: डेहरी-अकबरपुर मुख्य सड़क पर बकनौरा पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-119 पर नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने से जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
नाली जाम होने से सड़क पर फैला गंदा पानी
स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से नाली की सफाई नहीं होने के कारण उसमें कचरा जमा हो गया है. इससे नाले का पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य सड़क पर फैल रहा है. स्थिति यह है कि सड़क का आधे से अधिक हिस्सा गंदे पानी से ढक गया है और लोगों को किनारे-किनारे होकर गुजरना पड़ रहा है.
पैदल यात्रियों और बाइक सवारों को सबसे अधिक परेशानी
जलजमाव के कारण सबसे ज्यादा परेशानी पैदल चलने वालों और बाइक सवारों को हो रही है. तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के कारण राहगीरों के कपड़ों पर गंदे पानी के छींटे पड़ रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.
मुखिया प्रतिनिधि ने जताई हादसे की आशंका
बकनौरा मुखिया प्रतिनिधि रवि पासवान ने बताया कि नाली की सफाई लंबे समय से नहीं हुई है, जिससे पानी का बहाव रुक गया और सड़क पर जलजमाव हो गया है. उन्होंने कहा कि पानी से बचने के प्रयास में बाइक चालक सड़क के किनारे से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष इसी जलजमाव के कारण एक युवक की मौत हो चुकी है.
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित विभाग को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. लोगों ने प्रशासन से शीघ्र नाली की सफाई कर जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारू और सुरक्षित हो सके.
इसे भी पढ़े: बिहार के इन 24 जिलों में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की एडवाइजरी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










