रोहतास में शिक्षकों की लंबित समस्याओं को लेकर शिक्षक संघ सक्रिय, DEO को सौंपा 9 सूत्री मांगपत्र

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शन: जिला शिक्षा पदाधिकारी से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपते बिहार राज्य शिक्षक संघ के पदाधिकारी. | Prabhat Khabar Network

बिहार राज्य शिक्षक संघ ने रोहतास डीईओ से मुलाकात कर शिक्षकों के वेतन, एरियर और स्थानांतरण समेत नौ प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

विज्ञापन

Rohtas News : बिहार राज्य शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार की शाम जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), रोहतास से शिष्टाचार मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नौ सूत्री मांगपत्र सौंपते हुए लंबित मामलों के शीघ्र समाधान की मांग की.

वेतन, एरियर और वेतन निर्धारण का उठाया मुद्दा

संघ ने कहा कि लंबे समय से लंबित मामलों के कारण विभिन्न श्रेणी के शिक्षकों को आर्थिक और प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. मांगपत्र में प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षक को वेतन संरक्षण का लाभ देते हुए तत्काल वेतन निर्धारण, लंबित एरियर का भुगतान तथा सभी श्रेणी के शिक्षकों का वेतन समय पर जारी करने की मांग की गई.

विशिष्ट, बीपीएससी और नियोजित शिक्षकों के बकाया भुगतान की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने विशिष्ट शिक्षकों के बकाया वेतन, बीपीएससी से नियुक्त स्कूल अध्यापकों के लंबित वेतन एवं एरियर के भुगतान और नियोजित शिक्षकों के बकाया वेतन का जल्द भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई. इसके अलावा लाइब्रेरियन के लंबित वेतन भुगतान का मामला भी डीईओ के समक्ष रखा गया.

प्रधान शिक्षकों को प्रभार और सरप्लस शिक्षकों के लिए विकल्प बढ़ाने की मांग

शिक्षक संघ ने बीपीएससी से नियुक्त प्रधानाध्यापक और प्रधान शिक्षक को अब तक प्रभार नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए तत्काल प्रभार दिलाने की मांग की. साथ ही सरप्लस शिक्षकों को स्थानांतरण प्रक्रिया में केवल 10 विद्यालयों का विकल्प देने की मांग की, ताकि उन्हें अपने प्रखंड या पंचायत के आसपास पदस्थापन का अवसर मिल सके.

प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समय पर समाधान होने से शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला शिक्षा पदाधिकारी शिक्षकों की मांगों पर सकारात्मक पहल करेंगे.

इस अवसर पर सुनील कुमार, निरंजन पाल, उमाशंकर कुमार, छठू राम, प्रिय रंजन कुमार, विकास कुमार दुबे, सैयद शाहिर हसन, दिनेश कुमार, देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन