रोहतास में कृषि परियोजना पर विवाद, महिला साझेदार ने 10 लाख की रंगदारी मांगने और धान की फसल नष्ट करने का लगाया आरोप

सांकेतिक तस्वीर
रोहतास के शिवसागर थाना क्षेत्र में एक कृषि परियोजना विवादों में घिर गई है। महिला साझेदार ने गांव के लोगों पर 10 लाख की रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने और ट्रैक्टर से धान की फसल नष्ट करने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
Rohtas News: शिवसागर थाना क्षेत्र के मोहनियां गांव में संचालित एक कृषि परियोजना को लेकर विवाद का मामला सामने आया है. कृषि परियोजना की साझेदार किरण तिवारी ने शिवसागर थाना में आवेदन देकर गांव निवासी जितेन्द्र दुबे एवं उनके दो-तीन अज्ञात सहयोगियों पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने, भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास, जबरन निर्माण कार्य का ठेका मांगने तथा धान की रोपाई ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने का आरोप लगाया है.
भूमि पर कब्जे की कोशिश का आरोप
आवेदन के अनुसार, परियोजना की ओर से मोहनियां गांव में विधिवत खरीदी गई भूमि पर कृषि एवं निर्माण कार्य कराया जा रहा है. आरोप है कि संबंधित लोग लगातार कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं. पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपित भूमि पर कब्जा करने की नीयत से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं तथा निर्माण कार्य का ठेका देने का दबाव बना रहे हैं. मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी देने और हथियार दिखाकर भय पैदा करने का भी आरोप लगाया गया है.
धान की रोपाई नष्ट करने का भी आरोप
आवेदन में कहा गया है कि इस संबंध में 21 जुलाई को भी शिवसागर थाना में लिखित शिकायत दी गई थी. इसके बावजूद 29 जुलाई की सुबह करीब छह बजे आरोपित अपने सहयोगियों के साथ खेत पर पहुंचे और ट्रैक्टर से धान की रोपाई जोतकर नष्ट कर दी, जिससे आर्थिक क्षति हुई. साथ ही खेत पर मौजूद कर्मियों को निर्माण कार्य बंद करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
पीड़ित पक्ष ने अपने आवेदन में परिवार, कार्यरत कर्मियों एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
इस संबंध में शिवसागर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










