रूफटॉप सोलर लगाने पर सात वर्षों तक होगा मुफ्त रखरखाव, 164 लोगों की बिजली हुई फ्री

Published by :Vikash Kumar
Published at :20 Apr 2026 10:46 PM (IST)
विज्ञापन
रूफटॉप सोलर लगाने पर सात वर्षों तक होगा मुफ्त रखरखाव, 164 लोगों की बिजली हुई फ्री

SASARAM NEWS.रूफटॉप सोलर लगाने वाले उपभोक्ताओं को अधिकृत वेंडर्स व एजेंसियां सात वर्षों तक मुफ्त रखरखाव की सुविधा उपलब्ध करायेंगी. जिले में अबतक 305 घरों पर रूफटॉप सोलर का अधिष्ठापन किया गया है, जिसमें से 164 उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो गया है.

विज्ञापन

डीआरडीए सभागार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लोन मेले का हुआ आयोजन

305 घरों में लगा रूफटॉप सोलर, 164 उपभोक्ताओं का बिल हुआ शून्य

बिजली विभाग के अधिकारी, अधिकृत वेंडर्स और बैंक के अधिकारी हुए शामिल, डीएम ने किया उद्घाटन

सासाराम

नगर

. रूफटॉप सोलर लगाने वाले उपभोक्ताओं को अधिकृत वेंडर्स व एजेंसियां सात वर्षों तक मुफ्त रखरखाव की सुविधा उपलब्ध करायेंगी. जिले में अबतक 305 घरों पर रूफटॉप सोलर का अधिष्ठापन किया गया है, जिसमें से 164 उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो गया है. सोमवार को इस सस्ती, सुलभ व स्वच्छ ऊर्जा को लोगों को उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन व सोलर अधिष्ठापन में तेजी लाने के लिए डीएम के निर्देश पर डीआरडीए भवन में विद्युत विभाग व बैंकों के संयुक्त तत्वावधान में सोलर मेला सह लोन मेला का सफल आयोजन किया गया. इस मेले का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्रणाली के प्रति जागरूक करना व उन्हें योजना से जोड़ना था. मेले में विशेषज्ञों व तकनीकी टीम की ओर से सोलर पैनल की स्थापना, कार्यप्रणाली, रखरखाव, लागत, अनुदान और इससे होने वाले आर्थिक लाभ की विस्तृत जानकारी दी गयी. साथ ही उपभोक्ताओं की जिज्ञासाओं व समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया. मेले की विशेषता यह रही कि इच्छुक उपभोक्ताओं के लिए ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध करायी गयी, जिससे वे तुरंत आवेदन कर योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया शुरू कर सके. विभिन्न अधिकृत वेंडर्स व एजेंसियों ने भाग लेकर उपभोक्ताओं को उपयुक्त सोलर समाधान उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग किया. इसका उद्घाटन डीएम उदिता सिंह व डीडीसी विजय कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. मौके पर एसडीएम सदर डॉ नेहा कुमारी व अन्य मौजूद थे.

दो लाख रुपये तक बैंक से ऋण की सुविधा

विद्युत अधीक्षण अभियंता सासाराम इंजीनियर इंद्रदेव कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित करने पर सरकार से अनुदान प्रदान किया जाता है, जिससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है. यह योजना उपभोक्ताओं के आर्थिक बोझ को कम करने के साथ साथ पर्यावरण संरक्षण व हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. योजना के अंतर्गत एक किलोवाट पर 30000 रुपये, दो किलोवाट पर 60000 रुपये और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78000 रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है. इसके अतिरिक्त, सोलर संयंत्र स्थापना के लिए बैंकों के माध्यम से लगभग सात प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर दो लाख रुपये तक का ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है.

डीएम ने कहा-ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

डीएम उदिता सिंह ने कहा कि इस योजना को जन-जन तक पहुंचायी जाये और अधिक खपत वाले उपभोक्ताओं को विशेष रूप से सोलर अपनाने के लिए प्रेरित किया जाये. उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल बिजली बिल में कमी लाती है. बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि इस ऋण की अदायगी शहरी क्षेत्रों में चार से पांच वर्षों और ग्रामीण क्षेत्रों में सात से आठ वर्षों की अवधि में की जा सकती है, जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ कम पड़ता है. उपभोक्ता अपनी बिजली खपत के अनुसार सोलर पैनल की क्षमता का चयन कर सकते हैं. 150 यूनिट तक की खपत के लिए एक किलोवाट. 300 यूनिट तक के लिए दो किलोवाट और 300 यूनिट से अधिक के लिए तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता उपयुक्त है. सोलर पैनल से उत्पादित बिजली का उपयोग घरेलू कार्यों में किया जा सकता है. अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर बिजली बिल में समायोजन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त आर्थिक लाभ प्राप्त होता है.

बिजली बिल में कमी आयेगी और स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा

सोलर पैनल के लिए प्रति किलोवाट लगभग 100 वर्गफुट छत की आवश्यकता होती है. उचित रख-रखाव के साथ सोलर पैनल लगभग 25 वर्षों तक सुचारु रूप से कार्य करते हैं. विद्युत विभाग ने सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए एक अत्यंत लाभकारी व भविष्य उन्मुख पहल है. इससे न केवल बिजली बिल में कमी आयेगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा. सभी उपभोक्ता इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने घरों में सोलर अधिष्ठापन कर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ायें. इस कार्यक्रम में विद्युत कार्यपालक अभियंता सासाराम सुजीत कुमार सिन्हा, विद्युत कार्यपालक अभियंता डेहरी संतोष कुमार, जिले के सभी सहायक व कनीय विद्युत अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

.

विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Vikash Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन