रोहतास ब्रेकिंग : करगहर के बड़हरी बाजार में स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार लूटने की कोशिश, बेटी की सूझबूझ से बचे गहने

Updated:
विज्ञापन
Sasaram

अस्पताल में भर्ती व्यवयसायी.

रोहतास जिले के बड़हरी थाना क्षेत्र स्थित बड़हरी बाजार में बुधवार देर शाम बेखौफ अपराधियों ने लूटपाट के इरादे से एक आभूषण व्यवसायी को गोली मार दी. गोली व्यवसायी के बायें पैर में लगी है, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये.

विज्ञापन

Sasaram News : करगहर से रजनीकांत पांडेय की रिपोर्ट. रोहतास जिले के बड़हरी थाना क्षेत्र स्थित बड़हरी बाजार में बुधवार देर शाम बेखौफ अपराधियों ने लूटपाट के इरादे से एक आभूषण व्यवसायी को गोली मार दी. गोली व्यवसायी के बायें पैर में लगी है, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये. घायल व्यवसायी की पहचान बड़हरी गांव निवासी सत्यनारायण सेठ के 40 वर्षीय बेटे धनजी सेठ के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, धनजी सेठ बुधवार रात करीब 8:30 बजे अपनी दुकान बंद कर बेटे और बेटी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. घर महज 500 मीटर की दूरी पर था. इसी बीच बाजार में अपाचे बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट करते हुए आभूषणों से भरा बैग छीनने की कोशिश की. जब धनजी सेठ ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उनके बायें पैर में गोली मार दी. इस पूरी घटना के दौरान व्यवसायी की बेटी ने गजब की सूझबूझ दिखाई. धनजी सेठ ने गहनों से भरा बैग अपनी बेटी को दे रखा था. जब अपराधी व्यवसायी के साथ मारपीट कर रहे थे, तब उनकी बेटी अंधेरे का फायदा उठाकर सड़क किनारे मौजूद महिलाओं के बीच जा छिपी. इस वजह से अपराधी आभूषण और नकदी लूटने में नाकाम रहे.

थाने के सामने से भागे अपराधी, पुलिस देखती रही

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े. ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल व्यवसायी को बड़हरी स्थित सहायक सीएचसी पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और दहशत है. ग्रामीणों का कहना है कि अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ा हुआ है कि वे बीच बाजार गोली मारने के बाद बड़हरी थाने के सामने से होते हुए करगहर की तरफ आसानी से भाग निकले और पुलिस उन्हें पकड़ तक नहीं पायी.

क्या कहती है पुलिस

बड़हरी थानाध्यक्ष संजय पासवान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लूट के प्रयास में आभूषण व्यवसायी को गोली मारी गयी है. उनका इलाज सासाराम सदर अस्पताल में चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं. थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

विज्ञापन
प्रांजल पांडेय

लेखक के बारे में

By प्रांजल पांडेय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन