सारण के तरैया में किसान सलाहकार समिति की बैठक, यूरिया की कीमत और घोड़परास का मुद्दा उठा

Updated:
विज्ञापन

प्रखंडस्तरीय किसान सलाहकार समिति की बैठक में उपस्थित कृषि विभाग के पदाधिकारी व समिति के सदस्य

Kisan Salahkar Samiti: तरैया प्रखंड मुख्यालय में आयोजित किसान सलाहकार समिति की बैठक में किसानों की मुख्य समस्याओं पर चर्चा हुई. यूरिया की बढ़ती कीमतों और फसलों को घोड़परास से हो रहे नुकसान के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए.

विज्ञापन

Kisan Salahkar Samiti: तरैया प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित ई-किसान भवन के सभागार में सोमवार को प्रखंडस्तरीय किसान सलाहकार समिति की बैठक आत्मा अध्यक्ष श्याम बहादुर राय की अध्यक्षता में हुई. बैठक में किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गयी. इस दौरान सदस्यों की उपस्थिति काफी कम रही.

समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना मुख्य उद्देश्य

बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी अजय कुमार राठौर ने कहा कि किसान सलाहकार समिति का मुख्य उद्देश्य किसानों को समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है. इसके साथ ही किसानों को उचित मूल्य पर समय से खाद और बीज उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है.

घोड़परास के आतंक से परेशान हैं किसान

बैठक में किसानों की फसलों को घोड़परास से हो रहे नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. किसानों का कहना है कि घोड़परास के झुंड खेतों में पहुंचकर फसलों को नष्ट कर देते हैं, जिससे उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है.

बैठक में बताया गया कि घोड़परास से परेशान किसान अपनी समस्या को लेकर संबंधित मुखिया को आवेदन देंगे. इसके बाद मुखिया की ओर से वन विभाग को इसकी सूचना दी जायेगी और वन विभाग नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करेगा.

प्रखंडस्तरीय किसान सलाहकार समिति की बैठक में उपस्थित कृषि विभाग के पदाधिकारी व समिति के सदस्य | Prabhat Khabar Network
प्रखंडस्तरीय किसान सलाहकार समिति की बैठक

सरकारी दर पर यूरिया नहीं मिलने की शिकायत

आत्मा अध्यक्ष श्याम बहादुर राय ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी से किसानों को समय पर सरकारी खाद-बीज नहीं मिलने की शिकायत की. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड के कई खाद-बीज दुकानदार किसानों से अधिक कीमत वसूल रहे हैं.

उन्होंने कहा कि किसानों को सरकारी दर पर यूरिया नहीं मिल रहा है. आधार कार्ड की छायाप्रति लेकर दुकानदारों द्वारा यूरिया का पैकेट 350 से 380 रुपये तक में बेचे जाने की शिकायत है. मजबूरी में किसान अधिक कीमत देकर खाद खरीद रहे हैं.

खाद-बीज दुकानों की नियमित जांच की मांग

आत्मा अध्यक्ष ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी से खाद-बीज की दुकानों की समय-समय पर जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि नियमित जांच होने से किसानों को सरकारी दर पर यूरिया और अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा अनियमितता पर रोक लग सकेगी.

ये लोग रहे मौजूद

बैठक में आत्मा अध्यक्ष श्याम बहादुर राय, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अजय कुमार राठौर, मो. शैयद हुसैन, अजय पटेल, गुड्डू कुशवाहा, शैलेंद्र कुमार सिंह, कृषि सलाहकार चितरंजन कुमार पाठक, शशिभूषण राम, छठ नारायण प्रसाद यादव, जितेंद्र कुमार, सुमन कुमार सिंह, रवि, रविंद्र सिंह, राजा महतो, जोगिंद्र सिंह समेत अन्य कर्मी उपस्थित रहे.

Also Read: अशोकधाम मंदिर हादसा: लखीसराय में 7 महिलाओं की मौत, करंट नहीं इस वजह से हुई घटना, DM-ADM ने की पुष्टि


विज्ञापन
मनोज कुमार

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन