दिघवारा में सड़क और पुल परियोजनाओं से बदल रही तस्वीर, लोगों में खुशी
Published by : YUVRAJ RATAN Updated At : 30 May 2026 6:00 PM
दिघवारा पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के समीप हमेशा जाम में फंसते हैं यात्री
Saran News : राष्ट्रीय राजमार्ग 19 से जुड़ेगा प्रस्तावित ओवरब्रिज, इलाके की यातायात व्यवस्था होगी बेहतर
Saran News (अमित ) : सड़क के सफर को सुगम बनाने,जाम से मुक्ति दिलवाने और सुरक्षित यात्रा आदि जैसे कई उद्देश्यों को लेकर दिघवारा में कई ऐसे कार्य शुरू हुए हैं जिससे आम लोगों में हर्ष देखा जा रहा है और आने वाले समय में इन कार्यों का लाभ यात्रियों को मिलने की उम्मीद है.हाजीपुर छपरा फोरलेन सड़क निर्माण कार्य की रफ्तार तेज हुई है तो लंबित कार्यों को पूरा किया जा रहा है.पट्टी पुल के पास पुल के दूसरे लेन को बनाया जा रहा है वहीं शीतलपुर के बस्तीजलाल में अंडरपास का निर्माण हो जाने के बाद अब यात्री इस अंडरपास का लाभ उठाने लगे हैं.अब यात्रियों के बीच रेलवे क्रॉसिंग के समीप फंसने का कोई टेंशन नहीं दिखता है.दिघवारा के समीप भी रेलवे ओवर ब्रिज के साथ अंडर पास बनने की उम्मीद है.इन कार्यों के पूरा होने से दिघवारा के आसपास के लोगों को जिला व राज्य मुख्यालय पहुंचना आसान हो जाएगा वहीं यात्रियों को जाम से स्थायी मुक्ति मिलेगी.ऐसा हो जाने से यात्रियों की ट्रेनों पर निर्भरता भी कम हो सकेगी.यात्रियों के लिए राजधानी का सफर भी दूर नहीं रहेगा.
NH-19 पर अंडरपास निर्माण पूरा
शीतलपुर और नयागांव के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर बस्तीजलाल रेलवे क्रॉसिंग के पास अंडर पास बनाने का काम रेलवे द्वारा पूरा कर लिया गया है.पहले इस रेलवे क्रॉसिंग के समीप यात्रियों को जाम में लंबी अवधि तक फंसना पड़ता था. अब अंडरपास का निर्माण पूरा हो जाने के बाद यात्री इस रेलवे क्रॉसिंग के समीप जाम में नहीं फंसेंगे और अंडरपास के सहारे निर्बाध रूप से यात्रा जारी रहेगी. ऐसा हो जाने पर दिघवारा से हाजीपुर, सोनपुर व पटना आदि जगहों की ओर जाने वाले यात्रियों को राष्ट्रीय राजमार्ग 19 के सहारे भी जाने में कम वक्त लगेगा.
जाम से मिलेगी बड़ी राहत
दिघवारा व अंबिका भवानी रेलवे हॉल्ट के बीच रेलवे द्वारा रेलवे ओवरब्रिज बनाने को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है. इस पर 124.78 करोड़ की राशि के खर्च का अनुमान है. ऐसा होने से यात्रियों की चिर प्रतीक्षित मांग पूरी होगी और वहीं यात्रियों को गंतव्यों तक पहुंचने में कम वक्त लगेगा. दिघवारा पश्चिम रेलवे क्रॉसिंग के समीप लंबी अवधि तक जाम लगना एक भारी व विकराल समस्या है और लगभग दो दशक से अधिक समय से यात्रियों के लिए यह रेलवे क्रॉसिंग मुसीबत का सबब बन गया है. क्रॉसिंग के समीप लंबी अवधि तक जाम लगने के कारण कई बार यात्रियों की जान चली जाती है तो वहीं स्कूली बच्चों के अलावे दैनिक यात्रियों व नौकरी पेशा लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
कई घर और कार्यालय होंगे शिफ्ट
रेलवे क्रॉसिंग के बन जाने पर लोगों की अब परेशानी दूर होगी इतना ही नहीं दिघवारा में अंडर पास बनाने को लेकर भी जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है. खबर है कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 के उत्तर से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा होगा.ऐसे में इन जगह पर स्थित कई घरों के लोगों के अलावे सरकारी कार्यालय व अन्य संस्थाओं को भी दूसरी जगह शिफ्ट होना होगा. रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण से लेवल क्रॉसिंग को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा इससे एक ओर जहां रेल परिचालन की संरक्षा और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी वहीं सड़क मार्ग के यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी. जाम में समय की बर्बादी से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था और अधिक सुचारू हो सकेगी. ऐसा होने से भविष्य में बढ़ते यातायात दबाव को भी प्रभावी तरीके से संभाला जा सकेगा.
Also Read : सीवान: सेवानिवृत्त शिक्षक अशोक कुमार के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित, छात्रों ने किया स्वागत गीत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










