सारण के मकेर बम विस्फोट कांड में फरार तीन आरोपियों के घर चस्पाया इश्तिहार, कुर्की-जब्ती की चेतावनी
इश्तिहार चस्पा करते पुलिसकर्मी
Maker Bomb Case: बाघाकोल पंचायत के नौकाढ़ा में किराना दुकान पर हुए बम विस्फोट मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने वशिष्ठ राय, उपेंद्र राय और बीरेंद्र राय के घरों पर इश्तिहार चिपकाए और न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है.
Maker Bomb Case: बाघाकोल पंचायत के नौकाढ़ा में किराना दुकान पर हुए बम विस्फोट कांड के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मकेर थाना कांड संख्या 199/26 के अप्राथमिकी अभियुक्त वशिष्ठ राय, पिता स्व. रामदेव राय, उपेंद्र राय और बीरेंद्र राय, पिता रामनाथ राय के घर पुलिस ने डंका बजाकर इश्तिहार चिपकाया.
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष संग्राम सिंह, एसआई मो. अलीशेर खान, एसआई पंकज कुमार समेत महिला और पुरुष पुलिस बल के जवान शामिल थे.
नौकाढ़ा में किराना दुकान पर हुआ था विस्फोट
मालूम हो कि कुछ दिन पहले बाघाकोल पंचायत के नौकाढ़ा में विनय सिंह की किराना दुकान पर विस्फोट हुआ था. इस घटना में स्व. रमेश राय के पुत्र सचिन कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी थी, जबकि घायल रामेश्वर राय के पुत्र अखिलेश कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गयी थी.
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरीय अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था.
एक आरोपी पहले ही जा चुका है जेल
इस कांड में पुलिस ने पहले ही एक आरोपी हरेन्द्र राय के पुत्र पप्पू कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं.
पुलिस ने फरार तीनों आरोपियों के घर इश्तिहार चस्पा कर उन्हें न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है. पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत यदि आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जायेगी.
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
घटना के बाद डीआईजी, डीएम, एसएसपी और ग्रामीण एसपी समेत वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे थे और पूरे मामले की जानकारी ली थी. पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार चल रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











