सारण : पिता के साथ आर्मी जवान की यूपी में मौत,भाई गंभीर, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
मृतक आर्मी जवान और पिता की फाइल फोटो
Saran Road Accident : उत्तर प्रदेश में हुए एक भीषण सड़क हादसे में सारण के बंगरा गांव के आर्मी जवान सुधांशु शेखर सिंह और उनके पिता की दुखद मृत्यु हो गई. इस हादसे में उनका एक भाई गंभीर रूप से घायल है.
सारण से सुनील तिवारी की रिपोर्ट
Saran Road Accident : उत्तर प्रदेश के तमकुहीराज थाना क्षेत्र में रविवार को हुए सड़क हादसे में सारण के दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गांव के एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों में आर्मी जवान सुधांशु शेखर सिंह और उनके पिता शामिल हैं. हादसे में उनका भाई भी गंभीर रूप से घायल हुआ है. तीनों गोरखपुर से इलाज कराकर कार से बेतिया लौट रहे थे, तभी कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर पानी भरे गड्ढे में जा गिरी.
गोरखपुर से बेतिया लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बंगरा गांव के रहने वाले एक ही परिवार के तीन लोग रविवार को कार से गोरखपुर से बेतिया लौट रहे थे. बताया गया कि वे इलाज के सिलसिले में गोरखपुर गए थे. वापसी के दौरान तमकुहीराज थाना क्षेत्र में यह दर्दनाक हादसा हो गया.

पुलिया से टकराकर पानी भरे गड्ढे में गिरी कार
हादसा तमकुहीराज थाना क्षेत्र के एनएच-73 पर लकवा मुरलीधर स्थान के समीप हुआ. बताया जा रहा है कि इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पुलिया से टकराने के बाद पानी भरे गड्ढे में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, दूसरे घायल ने नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. तीसरे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज चल रहा है.

स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलने के बाद एनएचआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी सीएचसी पहुंचाया गया. हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों में भी कोहराम मच गया.
मृतकों में आर्मी जवान सुधांशु शेखर सिंह भी
मृतकों में 28 वर्षीय सुधांशु शेखर सिंह शामिल हैं, जो भारतीय सेना में जवान थे. जानकारी के अनुसार, उनकी पोस्टिंग लेह-लद्दाख में थी. जवान की मौत की खबर मिलते ही बंगरा गांव समेत उनके परिवार में मातम छा गया.
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, तीन महीने का बेटा
परिजनों के अनुसार, सुधांशु शेखर सिंह की करीब डेढ़ वर्ष पहले बेतिया में नंदा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई थी. उनका करीब तीन महीने का एक बेटा भी है. जवान की मौत के बाद पत्नी नंदा और मां अम्पु सिंह समेत परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
मृतक के पिता भी बेतिया में करते थे कारोबार
बताया गया कि बंगरा गांव निवासी पूर्ण मुखिया जितेंद्र सिंह के चचेरे बड़े भाई 75 वर्षीय सुरेंद्र सिंह कई वर्षों से बेतिया में रहकर अपना व्यवसाय और कारोबार कर रहे थे. हादसे में उनकी भी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पैतृक गांव बंगरा में शोक की लहर दौड़ गई.
एक भाई की हालत चिंताजनक
हादसे में परिवार का तीसरा सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है. हादसे के बाद परिवार के लोग इलाज और आगे की प्रक्रिया को लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं.
बंगरा गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार के दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही बंगरा गांव में मातमी माहौल हो गया. मृतक सुरेंद्र सिंह के भाई प्रमोद सिंह, अमित सिंह, अनूप सिंह समेत अन्य परिजन शोक में हैं. स्थानीय लोग और क्षेत्र के शुभचिंतकों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
आर्मी जवान सुधांशु शेखर सिंह की मौत ने परिवार को गहरा सदमा दिया है. कुछ समय पहले ही उनके घर में बच्चे की किलकारी गूंजी थी. अब पत्नी और मां के सामने परिवार की जिम्मेदारियों का बड़ा संकट खड़ा हो गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By साक्षी कुमारी
साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









