शहर में वन-वे रूट का नहीं हो रहा पालन, बिगड़ रही ट्रैफिक व्यवस्था

Author Alok kumar
Updated:
विज्ञापन
शहर में वन-वे रूट का नहीं हो रहा पालन, बिगड़ रही ट्रैफिक व्यवस्था

छपरा शहर में श्यामचक से लेकर भिखारी चौक व बाजार समिति मोड़ तक ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाये जाने को लेकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है.

विज्ञापन

छपरा. छपरा शहर में श्यामचक से लेकर भिखारी चौक व बाजार समिति मोड़ तक ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाये जाने को लेकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है. कई चौक-चौराहे ऐसे हैं, जहां अधिक भीड़ रहती है. ऐसी स्थिति में यहां दो या तीन ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं. उसके बावजूद भी हर 10 मिनट पर शहर में वन-वे के नियमों का उल्लंघन हो रहा है. शहर के थाना चौक, नगर पालिका चौक, योगनिया कोठी रोड, सांढा ओवर ब्रिज रोड, साहेबगंज रोड, कटहरी बाग रोड, दारोगा राय चौक आदि जगहों पर कई वाहन चालक वनवे को तोड़कर नो इंट्री में प्रवेश कर जाते हैं. जिससे कई बार जाम की समस्या बन जा रही है. शहर में मुख्य सड़क से सटे कई वैकल्पिक रास्ते भी मौजूद हैं. जिसका इस्तेमाल लोग अक्सर आवागमन के लिए करते हैं. कई चार पहिया वाहन चालक पुलिस से नजर बचाकर इन्हीं वैकल्पिक रास्तों से होकर नो एंट्री में प्रवेश कर जा रहे हैं. कई बार इन वाहन चालकों पर कार्रवाई भी हुई. जुर्माना भी वसूला गया. लेकिन फिर भी वन-वे नियमों को तोड़ने का सिलसिला जारी है.

यू टर्न लेने में भी बरती जा रही अनियमितता

शहर में कई जगह सीमेंट व प्लास्टिक के डिवाइडर बने हैं. खासकर थाना चौक से नगर पालिका चौक के बीच समाहरणालय रोड में सड़क के बीच में सीमेंट का डिवाइड बनाया गया है. कुछ जगहों पर सड़क के दोनों और प्रमुख कार्यालय होने के कारण डिवाइडर के बीच में पैदल आवाजाही तथा बाइक के आने जाने के लिए जगह छोड़ दिया गया है. लेकिन कई चार पहिया वाहन चालक भीड़ के दौरान इसी डिवाइडर के छोटे से स्पेस में यू टर्न लेने की कोशिश करते हैं. जिससे दूसरे लेन की सड़क जाम हो जाती है. समाहरणालय रोड में यह समस्या दिनभर बनी रहती है. क्योंकि यह व्यस्ततम रोड है. डीएम ऑफिस, छपरा कचहरी का एंट्रेंस, एसडीओ कार्यालय, डीडीसी कार्यालय, नगर निगम कार्यालय आदि इसी रोड में है. ऐसे में गलत तरीके से यू टर्न लेने के कारण जाम की समस्या बन रही है.

वन-वे में ट्रैक्टर का भी हो रहा प्रवेश

शहर के जिन इलाकों में वन-वे लगाया गया है. वहां कई बार ट्रैक्टर चालक भी ट्रैफिक नियमों को तोड़कर उसमें प्रवेश कर जाते हैं. कई ट्रैक्टर चालक जिन्हें निर्माण सामग्री लोगों लोगों के घरों तक पहुंचाना रहता है. वह वैकल्पिक रास्तों से होकर आवाजाही करते हैं और इसी बीच मुख्य सड़क पर आकर रौंग साइड में प्रवेश करते हैं. कई बार नगर निगम की सफाई गाड़ी भी नो एंट्री में प्रवेश कर जा रही है. जिससे एक लेन का मार्ग अवरुद्ध हो जाता है. ट्रैफिक इंचार्ज रामबालक यादव ने बताया कि सभी चौक चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गयी है. जो वाहन चालक वनवे नियम तोड़ते हैं. उनका इ-चालान कट रहा है. चालान काटने के लिए स्कैनर का इस्तेमाल भी अब किया जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Alok Kumar

लेखक के बारे में

By Alok Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन