मढ़ौरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, एसडीएम ने किया ध्वजारोहण
राजकीय समारोह में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय झंडे को सलामी देते एसडीएम निधि राज व अन्य | Prabhat Khabar Network
मढ़ौरा अनुमंडल क्षेत्र में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पूरे उल्लास से मनाया गया. स्थानीय चीनी मिल खेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) निधि राज ने ध्वजारोहण किया. इस अवसर पर शानदार परेड का आयोजन हुआ और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया.
Saran News: अनुमंडल क्षेत्र में शनिवार को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. मढ़ौरा चीनी मिल खेल मैदान में आयोजित अनुमंडल स्तरीय मुख्य राजकीय समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी निधि राज ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. इस दौरान एसडीएम निधि राज और डीएसपी सविंदर कुमार दास ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया.
परेड में दिखा देशभक्ति का उत्साह
मुख्य समारोह में पुलिस टुकड़ी के साथ विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. परेड के दौरान बच्चों और जवानों ने शानदार अनुशासन और कदमताल का प्रदर्शन किया. समारोह में ट्राइडेंट स्कूल के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और बिहार गीत के साथ हुआ.
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्लाटून हुए पुरस्कृत
परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्लाटूनों को एसडीएम निधि राज और डीएसपी सविंदर कुमार दास ने संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया. आदर्श मध्य विद्यालय मढ़ौरा (गर्ल्स ग्रुप) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. ग्लोबल स्कूल एवं ट्राइडेंट स्कूल को संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान मिला, जबकि हाई स्कूल शिल्हौरी एवं गर्ल्स मिडिल स्कूल मढ़ौरा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया.
पुलिस टुकड़ी के परेड में उत्कृष्ट योगदान के लिए मढ़ौरा थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद और परेड कमांडर राहुल श्रीवास्तव को संयुक्त रूप से विशेष सम्मान देते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया.
प्रमुख संस्थानों में भी शान से फहराया गया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, स्मारकों और प्रमुख स्थलों पर भी ध्वजारोहण किया गया. अंबेडकर पार्क में विधायक जितेंद्र कुमार राय ने तिरंगा फहराया. नगर परिषद कार्यालय में मुख्य पार्षद रूबी सिंह ने ध्वजारोहण किया.
अनुमंडलीय अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेश कुमार, मढ़ौरा थाना में थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद और मढ़ौरा उच्च विद्यालय में प्रधानाचार्य सतीश प्रसाद राय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. रामजीवन सिंह शहीद स्मारक पर कांग्रेस नेता लालबाबू गिरी ने ध्वजारोहण किया.
उत्क्रमित मध्य विद्यालय नरहरपुर में प्रधानाचार्य व राजकीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षक सूर्यदेव कुमार ने तिरंगा फहराया. इसके अलावा प्रखंड कार्यालय, एसडीएम व डीएसपी आवास, पटेल स्मारक, निबंधन कार्यालय समेत दर्जनों संस्थानों में भी पूरे सम्मान और गौरव के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










