सारण के कोंध मथुरा धाम के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने की जगी आस, विकास का भरोसा
मथुरा धाम| Prabhat Khabar Network
सारण जिले के कोंध मथुरा धाम को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की नई उम्मीद जगी है. अविनाश कुमार सिंह को बिहार राज्य महोत्सव संघ का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है, जिन्होंने धाम के विकास का भरोसा दिया है. उनके प्रयासों से क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की आशा है.
Saran News: सारण जिले के पानापुर प्रखंड के रामपुररूद्र गांव निवासी स्वर्गीय रणंजय कुमार सिंह उर्फ बच्चा सिंह के पुत्र अविनाश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू सिंह को बिहार राज्य महोत्सव संघ का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है. उनके इस मनोनयन के बाद प्रखंड क्षेत्र के लोगों में गंडक नदी के किनारे स्थित ऐतिहासिक कोंध मथुरा धाम को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने की नई उम्मीद जगी है.
बताते चलें कि गंडक नदी तट पर स्थित कोंध मथुरा धाम क्षेत्रीय ग्रामीणों के लिए अगाध आस्था का केंद्र है. यहाँ प्रसिद्ध संत मथुरा बाबा का समाधि स्थल स्थित है, जहाँ पर्व-त्योहारों और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के अवसर पर आसपास के हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए जुटते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि मथुरा धाम को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए बुनियादी ढाँचे के सुदृढ़ीकरण की नितांत आवश्यकता है.
मुख्यमंत्री से मिलकर विकास का किया वादा
मनोनयन के पश्चात अविनाश कुमार सिंह ने गंडक नदी के किनारे स्थित इस पवित्र धाम को नई पहचान दिलाने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर मथुरा धाम को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कराने की दिशा में गंभीर प्रयास करेंगे. इससे क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार व विकास के अवसर बढ़ेंगे.
उनके इस मनोनयन पर पूर्व मुखिया अजीत कुमार सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य रणविजय सिंह, जिला परिषद सदस्य रत्नेश भास्कर एवं शिक्षक कौशल किशोर सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने बधाई दी और उम्मीद जताई कि लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहे इस पवित्र स्थल के सौंदर्यीकरण को अब वास्तविक गति मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











