छपरा: जेपीयू में पीजी नामांकन के लिए नया रेगुलेशन लागू, मेजर विषय के छात्रों को मिलेगी प्राथमिकता

Updated:
विज्ञापन
जयप्रकाश विश्वविद्यालय में पीजी में नामांकन के लिए नया रेगुलेशन जारी

जयप्रकाश विश्वविद्यालय का प्रशासनिक भवन

जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) में पीजी में दाखिले के लिए नया रेगुलेशन लागू कर दिया गया है। नए नियमों के अनुसार, मेजर विषयों के छात्रों को प्रवेश में प्राथमिकता दी जाएगी।

विज्ञापन

Saran News: जयप्रकाश विश्वविद्यालय में पीजी में नामांकन को लेकर नया रेगुलेशन जारी कर दिया गया है. इस संदर्भ में राज भवन द्वारा विश्वविद्यालय को आधिकारिक पत्र भेजा गया था, जिसके बाद पीजी के वर्तमान सत्र में नये रेगुलेशन के तहत ही दाखिला लिया जायेगा. इस समय पीजी सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए ऑनलाइन अप्लाइ की प्रक्रिया चल रही है. विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित सभी पीजी कॉलेजों तथा 17 पीजी विभागों में नये रेगुलेशन के तहत दाखिले को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

मेजर विषयों को मिलेगी प्राथमिकता

नये रेगुलेशन के अनुसार पीजी में नामांकन के समय सबसे पहले मेजर विषयों के अंतर्गत आवेदन करने वाले छात्रों को प्राथमिकता दी जायेगी. इसके बाद माइनर विषय और अंत में संबद्ध विषयों को वरीयता दी जायेगी. संबद्ध विषयों की सूची पोर्टल पर अपडेट कर दी गयी है. इसके साथ ही छात्रों ने जिन विषयों में स्नातक में ऑनर्स किया है, यदि वे उसी विषय से दाखिले के लिए अप्लाइ करते हैं तो उन्हें अधिक प्राथमिकता मिलेगी. छात्र स्नातक के सब्सिडियरी विषय को आधार बनाकर भी अप्लाइ कर सकते हैं.

अप्लाई की तिथि अब बढ़ी

जयप्रकाश विश्वविद्यालय छात्र कल्याण विभाग ने पीजी फर्स्ट सेमेस्टर सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए ऑनलाइन अप्लाइ की तिथि विस्तारित कर दी है. इसके पूर्व 10 जुलाई तक ऑनलाइन अप्लाइ की तिथि निर्धारित थी, जिसे छात्रहित में बढ़ाकर 17 जुलाई कर दिया गया है. स्नातक उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर 500 रुपये शुल्क के साथ ऑनलाइन अप्लाइ करेंगे. आवेदन के दौरान स्नातक तृतीय वर्ष का अंकपत्र, प्रवेश पत्र और पंजीयन प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा.

त्रुटि सुधार का मौका मिलेगा

डीएसडब्ल्यू डॉ राणा विक्रम सिंह ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने वाले छात्र-छात्राएं 16 एवं 17 जुलाई को अपने आवेदनों में हुई त्रुटियों का ऑनलाइन सुधार भी कर सकते हैं. सुधार के लिए छात्रों को दो दिन का विशेष अवसर दिया जायेगा. 17 जुलाई को आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी फॉर्मों का वेरिफिकेशन किया जायेगा और 25 जुलाई तक नामांकन की पहली मेधा सूची जारी करने का लक्ष्य रखा गया है. हेल्प डेस्क के माध्यम से छात्रों को नए नियमों की जानकारी दी जा रही है.

इन विषयों में होगा नामांकन

विश्वविद्यालय के अंतर्गत पीजी के कुल 17 विभागों में नामांकन की प्रक्रिया चल रही है. इनमें मुख्य रूप से भौतिकी, रसायन शास्त्र, गणित, जूलॉजी, बॉटनी, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, इतिहास, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान, भूगोल, वाणिज्य व गृह विज्ञान शामिल हैं. डीएसडब्ल्यू ने स्पष्ट किया कि सत्र में पहले ही विलंब हो चुका है, इसलिए यह अप्लाइ करने का अंतिम अवसर है और इसके बाद तिथि विस्तारित नहीं की जाएगी.

Also Read: छपरा: टीबी उन्मूलन अभियान में डीएम की पहल, 5 मरीजों को लिया गोद


विज्ञापन
Prabhat Kiran Himanshu

लेखक के बारे में

By Prabhat Kiran Himanshu

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन