छपरा: परीक्षा फॉर्म नहीं भरे, फिर भी जारी हो गया शेड्यूल; छात्र संगठन ने उठाये सवाल

जय प्रकाश विश्वविद्यालय की स्नातक तृतीय सेमेस्टर परीक्षा को लेकर छात्र संगठन ने गंभीर चिंता व्यक्त की है. फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू न होने के बावजूद परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है, जिससे छात्रों में भारी भ्रम है. संगठन ने पाठ्यक्रम में विसंगतियों को भी उजागर किया है, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं.
Saran News: शोध विद्यार्थी संगठन ने जय प्रकाश विश्वविद्यालय की स्नातक तृतीय सेमेस्टर सत्र 2024–2028 परीक्षा से संबंधित तैयारियों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है. संगठन ने कहा है कि विश्वविद्यालय की लचर कार्यशैली के कारण हजारों छात्र-छात्राओं के बीच भारी भ्रम एवं असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. जेपीयू द्वारा पूर्व में जारी अधिसूचना के अनुसार स्नातक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा के लिए छह जुलाई से 15 जुलाई तक परीक्षा प्रपत्र भरने की तिथि निर्धारित की गयी थी.
तकनीकी समस्या से बढ़ा विवाद
बाद में बैंकिंग तकनीकी समस्या का हवाला देते हुए फॉर्म भरने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 20 जुलाई 2026 कर दिया गया. आश्चर्यजनक स्थिति यह है कि आज तक अधिकांश छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की ऑनलाइन प्रक्रिया सुचारु रूप से प्रारंभ ही नहीं हो सकी है. दूसरी ओर, विश्वविद्यालय प्रशासन ने आगामी 25 जुलाई से परीक्षा प्रारंभ होने का विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम भी आनन-फानन में जारी कर दिया है, जिससे छात्र परेशान हैं.
परीक्षा कार्यक्रम पर उठे सवाल
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि जब छात्र-छात्राओं ने अभी तक परीक्षा प्रपत्र (फॉर्म) ही नहीं भरा है, तब परीक्षा कार्यक्रम जारी करने की इतनी जल्दबाजी समझ से परे है. इससे छात्रों में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गयी है तथा परीक्षा संचालन की पारदर्शिता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं. बिना फॉर्म भरे परीक्षा की तिथियां घोषित करने से छात्रों को एडमिट कार्ड जारी होने में भी बड़ी समस्या आ सकती है.
पाठ्यक्रम में मिला भारी विरोधाभास
संगठन ने एक अन्य गंभीर विरोधाभास की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी तृतीय सेमेस्टर के मल्टीडिसिप्लिनरी कोर्स (एमडीसी) के परीक्षा कार्यक्रम में प्रकाशित विषय, विश्वविद्यालय के स्वीकृत पाठ्यक्रम से मेल नहीं खाते. स्वीकृत सिलेबस के अनुसार तृतीय सेमेस्टर के एमडीसी में जो विषय शामिल हैं, वह परीक्षा कार्यक्रम के अनुरूप नहीं हैं. उधर परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि समय पर परीक्षाएं संचालित करायी जायेंगी और जो भी तकनीकी या अन्य समस्या है उसका त्वरित समाधान किया जा रहा है.
Also Read: छपरा: दुष्कर्म मामलों के शीघ्र निपटारे की मांग, सम्राट अशोक विकास मंच ने उठाई आवाज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










