छपरा: टीबी उन्मूलन अभियान में डीएम की पहल, 5 मरीजों को लिया गोद

Author Sanjay Bhardawaj|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
डीएम स्वयं बने निक्षय मित्र, 5 मरीजों को लिया गोद

सारण जिले में टीबी को जड़ से खत्म करने के लिए जिला प्रशासन ने 'निक्षय मित्र योजना' की शुरुआत की है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्वयं पांच टीबी मरीजों को गोद लेकर इस पहल को आगे बढ़ाया है।

विज्ञापन

Saran News: सारण जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है. निक्षय मित्र योजना के तहत शनिवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्वयं आगे बढ़कर पांच टीबी मरीजों को गोद लिया. उन्होंने इन मरीजों को पहले महीने का आवश्यक फूड बास्केट प्रदान कर योजना की आधिकारिक शुरुआत की.

छह माह तक मिलेगा पोषण

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी केवल दवा से नहीं, बल्कि बेहतर पोषण, समय पर उपचार और सामाजिक सहयोग से भी पूरी तरह ठीक हो सकती है. जिलाधिकारी द्वारा गोद लिए गए पांचों मरीजों को लगातार छह महीने तक प्रत्येक माह पौष्टिक फूड बास्केट उपलब्ध कराया जाएगा. इसी प्रकार अन्य संस्थाएं और अधिकारी भी अपने-अपने द्वारा गोद लिए गए मरीजों को छह माह तक पोषण सामग्री उपलब्ध कराएंगे.

विभिन्न संगठनों ने बढ़ाया हाथ

इस अभियान के तहत ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति ने 50, रोटरी क्लब छपरा ने 50, अखंड ज्योति अस्पताल ने 30, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी ने 25, सीडीओ डॉ रत्नेश्वर प्रसाद ने 20, सदर अस्पताल ने 15, डॉ राजीव रंजन ने 10, रोटरी सारण ने 5, सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी ने 5 और जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने 3 मरीजों को गोद लिया है. इन सभी के सहयोग से कुल 218 टीबी मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा.

राशन कार्ड बनाने का निर्देश

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया कि जिन टीबी मरीजों का अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है, उनका प्राथमिकता के आधार पर तुरंत राशन कार्ड बनाना सुनिश्चित किया जाए. इससे उन्हें सरकार की जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की खाद्यान्न योजनाओं का भी नियमित लाभ मिल सकेगा. उन्होंने बताया कि जिले में संदिग्ध मरीजों की पहचान के लिए व्यापक स्तर पर टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है.

सक्षम लोगों से की अपील

जिलाधिकारी ने समाज के सक्षम नागरिकों, उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद लें. उन्होंने कहा कि उपचार के दौरान मिलने वाला पोषण और सामाजिक संबल मरीजों का आत्मविश्वास बढ़ाता है. इस मौके पर डीपीएम अरविंद कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक रमेशचंद्र कुमार, टीबी डीपीसी हिमांशु शेखर, सीफार के डीसी गनपत आर्यन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

Also Read: सारण: पूर्व पंचायत समिति सदस्य के पुत्र पंकज सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर


विज्ञापन
Sanjay Bhardawaj

लेखक के बारे में

By Sanjay Bhardawaj

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन