Chapra News : ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार बिजली मिस्त्री की मौत

Chapra News : गड़खा-छपरा एनएच 722 मुख्य मार्ग स्थित कमालपुर चंवर के समीप गुरुवार को ट्रक के कुचलने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गयी.
गड़खा. गड़खा-छपरा एनएच 722 मुख्य मार्ग स्थित कमालपुर चंवर के समीप गुरुवार को ट्रक के कुचलने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गयी. युवक गड़खा थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव निवासी इन्द्रदेव गुप्ता का 27 वर्षीय पुत्र समरेंद्र गुप्ता है. बताया जाता है कि समरेंद्र किसी कार्य को लेकर छपरा गया था और वहां से बाइक से अपने घर अख्तियारपुर लौट रहा था. जैसे ही छपरा गड़खा मुख्य मार्ग कमालपुर चंवर के पास पहुंचा तभी चालक की लापरवाही से ट्रक ने बाइक सवार को कुचल डाला. ट्रक चालक घटना को अंजाम देकर वाहन छोड़कर फरार हो गया. इसी बीच आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर समरेंद्र के परिजनों को सूचना दी. जिसके बाद परिजन ने उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गये. जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक बिजली मिस्री था. पुलिस ने मौके पर पहुंच मामले की तहकीकात करते हुए ट्रक को जब्त करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया. इस घटना को लेकर मृतक के पिता, माता कुंती देवी, भाई समेत सभी परिवार के सदस्यों का का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है.
गड़खा छपरा एनएच पर बढ़ रहे हैं हादसे
विगत चार-पांच माह में गड़खा छपरा एनएच पर सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में इजाफा हुआ है. छपरा के नेवाजी टोला चौक से गड़खा के बीच एनएच पर कई जगहों पर डेंजर जोन बन गया है. खासकर महमदा ओवर ब्रिज से उतरते ही कई छोटे-बड़े वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. इसी माह इस रूट में सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की जान जा चुकी है. वहीं पिछले माह अलग-अलग बाइक दुर्घटना में चार युवकों की जान चली गयी थी. ट्रक चालकों का रफ्तार पर कंट्रोल नहीं होता है. कई बार बालू लदे ट्रक चालक पुलिस से बचने के डर से तेज रफ्तार में वाहन ले जाते हैं. वहीं ओवरटेकिंग के कारण भी हादसा बढ़ रहा है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




