सारण में डेटिंग ऐप के जरिए ब्लैकमेलिंग करने वाले साइबर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी
सारण के रसूलपुर में पुलिस ने डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल और ठगी करने वाले साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मोबाइल और अन्य साक्ष्य बरामद किए.
सारण: रसूलपुर पुलिस ने सोशल नेटवर्किंग और डेटिंग प्लेटफॉर्म पोलो ऐप के माध्यम से लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल और ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ऐसे लोगों को जाल में फंसाता था गिरोह
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी आईडी बनाकर सोशल नेटवर्किंग और डेटिंग ऐप पर सक्रिय रहते थे. दोस्ती बढ़ाने के बाद वे लोगों को सुनसान स्थान, होटल या किराये के कमरे में मिलने के लिए बुलाते थे. वहां पहले से मौजूद उनके साथी पीड़ित को बंधक बना लेते थे.
आरोप है कि इसके बाद पीड़ित को जान से मारने की धमकी देकर निर्वस्त्र किया जाता था, अश्लील वीडियो और तस्वीरें बनाई जाती थीं तथा यूपीआई पासवर्ड लेकर बैंक खातों से जबरन रुपये ट्रांसफर कराए जाते थे. साथ ही नकदी, मोबाइल और अन्य सामान भी लूट लिया जाता था. बदनामी के डर से अधिकांश पीड़ित पुलिस में शिकायत नहीं करते थे, जिसका आरोपी फायदा उठाते थे.
तकनीकी जांच से चार आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू की. इसके बाद रसूलपुर निवासी विकास कुमार, एजाज अली, प्रकाश विद्यार्थी और साहिल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किए हैं. जांच के दौरान मोबाइल से घटना से जुड़े फोटो, वीडियो और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं.
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति से सोशल नेटवर्किंग या डेटिंग ऐप पर संपर्क करते समय सतर्क रहें. किसी अज्ञात व्यक्ति के बुलावे पर सुनसान या अपरिचित स्थान पर अकेले मिलने न जाएं. यदि कोई इस प्रकार की ब्लैकमेलिंग या साइबर ठगी का शिकार होता है, तो बिना डर के तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं.
इसे भी पढ़ें- बिहार स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट: जेल से जल्द बाहर आएंगे छात्र, सरकार के आदेश के बाद जारी हुआ रिलीज ऑर्डर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











