सारण के परसा में सीपीआईएम कार्यकर्ताओं ने पीएम का पुतला फूंका, नीट पेपर लीक और महंगाई के खिलाफ किया प्रदर्शन

परसा राय चौक पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन | Prabhat Khabar Network
सारण के परसा में सीपीआईएम कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. नीट पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका गया. पार्टी ने शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की है.
Saran News: परसा प्रखंड के दरोगा राय चौक पर सोमवार को सीपीआईएम लोकल कमिटी परसा के बैनर तले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर नारेबाजी की.
नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
पुतला दहन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीपीआईएम नेता राजेंद्र राय, विनोद कुमार, राजनाथ राय और अमरेंद्र कुमार सिंह ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला.
नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा में पेपर लीक का मामला सामने आने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने इसे गंभीर प्रशासनिक विफलता बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की.
उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी की.
सोनम वांगचुक की रिहाई का मुद्दा उठाया
प्रदर्शन के दौरान सीपीआईएम नेताओं ने लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग भी उठाई. नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने वालों की आवाज दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है.
महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी सरकार को घेरा
कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की.
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने "तानाशाही नहीं चलेगी", "छात्र विरोधी सरकार मुर्दाबाद" और "शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो" जैसे नारे लगाए.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
पुतला दहन कार्यक्रम में भोला सिंह, अजय दास, भीष्म राय, महेश्वर राय, शंभू राय, पिंटू बैठा, बोलबम राय सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने, जनविरोधी नीतियां वापस लेने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










