सारण में वामपंथी छात्र संगठनों का आक्रोश मार्च, पेपर लीक के विरोध में शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका

पुतला दहन करते छात्र नेता | Prabhat Khabar Network
वामपंथी छात्र संगठनों ने छपरा में पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में आक्रोश मार्च निकाला. उन्होंने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया और शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका.
Saran News: शिक्षा व्यवस्था में सुधार और लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में सोमवार को छपरा में वामपंथी छात्र संगठनों ने आक्रोश मार्च निकाला. जनवादी सांस्कृतिक मोर्चा और एसएफआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शन में छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया. प्रदर्शन की अध्यक्षता पूर्व छात्र नेता विकास तिवारी और देवेंद्र कुमार ने की.
पेपर लीक से छात्रों का भविष्य प्रभावित : अर्जुन सिंह
कार्यक्रम में जेपी विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता और कैरियर मेंटर अर्जुन सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भरोसा चयन प्रक्रिया से कमजोर हो रहा है. सालों तक मेहनत करने वाले युवाओं को निराशा का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य निर्माण की आधारशिला है. इसलिए छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेने की जरूरत है.
सोनम वांगचुक मामले में संवाद की अपील
अर्जुन सिंह ने लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को टकराव की जगह संवाद के रास्ते से समाधान निकालना चाहिए.
उन्होंने मांग की कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और छात्रों की समस्याओं का समाधान किया जाए.
आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जल्द कार्रवाई नहीं की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से नहीं हटाया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक रोकने और छात्रों के हित में ठोस नीति बनाने की मांग की.
ये रहे मौजूद
आक्रोश मार्च और पुतला दहन कार्यक्रम में अभिमन्यु विश्वकर्मा, मनोरंजन सिंह, रामबाबू सिंह, कृष्णकांत सौरभ उर्फ मुखिया जी, नीतीश कुमार, शादाब अहमद मजहरी, रोहित राज, राजू साह (मुखिया), पप्पू यादव, सूरज यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










