दो दिनों की धूप के बाद मौसम ने ली करवट, छाया रहा कोहरा व गलन से कांपते रहे लोग

दो दिनों की धूप के बाद शनिवार को एक बार फिर से शीतलहर ने पूरे जिले को अपनी चपेट में ले लिया.
छपरा. दो दिनों की धूप के बाद शनिवार को एक बार फिर से शीतलहर ने पूरे जिले को अपनी चपेट में ले लिया. सुबह से ही आसमान में बादल छाये रहे. दिन भर सर्द हवा चलती रही. अधिकतम तापमान 17 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक चला गया. दोपहर दो बजे का तापमान 14 डिग्री रिकार्ड किया गया. ऐसे में दिन के समय घरों से निकालना काफी मुश्किल हुआ. शहर में चहल-पहल कम रही. लोगों को उम्मीद थी कि दो दिन लगातार धूप निकलने के बाद अब धीरे-धीरे मौसम सामान्य होगा. लेकिन कड़ाके की ठंड का असर एक बार फिर से शुरू हो गया.
सुबह के समय लोगों को कार्यालय जाने में काफी कठिनाई हुई. बाजारों में दुकान भी काफी देर से खुली. अन्य दिनों की अपेक्षा शहर के फुटपाथीं दुकानों पर भी भीड़ कम नजर आयी. समाहरणालय, एसडीओ कार्यालय, प्रधान डाकघर आदि जगहों पर भी अपने कामकाज को निबटाने के लिए बहुत कम लोग पहुंचे थे. दिहाड़ी मजदूर कड़ाके की ठंड में चौक चौराहों पर कामकाज की तलाश में इकट्ठा दिखे. कई जगह दिन में भी अलाव जल रहा था. हालांकि नगर निगम के द्वारा शाम पांच बजे के बाद ही शहरी क्षेत्र में अलाव के इंतजाम कराये जा रहे हैं. ऐसे में दिन में ठंड से बचने के लिए लोग अपने खर्चे से चौक चौराहों पर लकड़ी इकट्ठा कर आग ताप रहे हैं. खास का रिक्शा चालक, इ रिक्शा चालक, दुकानदार, फुटपाथी दुकानदार आदि लकड़ी का जुगाड़ कर एक जगह बैठकर आग तापते नजर आ रहे हैं.कई चिह्नित जगहों पर नहीं है अलाव का पर्याप्त इंतजाम
शहर के कई ऐसे जगह हैं जहां अभी भी अलाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं किये जा रहे हैं. नगर निगम द्वारा शहरी क्षेत्र में करीब 20 जगह को चिन्हित किया गया है. जहां नियमित रूप से शाम के समय अलाव का इंतजाम करना है. लेकिन लोगों की शिकायत है कि कई ऐसे चौक चौराहे हैं. जहां नगर निगम द्वारा लकड़ी उपलब्ध नहीं करायी जा रही है. जिस कारण शाम के समय बाजार आये लोगों, दुकानदारों, राहगीरों आदि को काफी परेशानी हो रही है. मौना चौक, गांधी चौक, नेहरू चौक, बस स्टैंड, नगर पालिका चौक, थाना चौक पर भी कम मात्रा में लकड़ी उपलब्ध करायी जा रही है. जो आधे घंटे में खत्म हो जा रही है. जिस कारण दुकानदारों को अपने खर्चे से आसपास से लकड़ी खरीद कर मंगानी पड़ रही है. स्वयंसेवी संस्थाएं आगे बढ़कर चौक चौराहों पर लकड़ी का इंतजाम करा रही है. साथ ही जरूरतमंदों को कंबल आदि का विस्वयंसेवी संस्थान द्वारा किया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




