समस्तीपुर में ठनका गिरने से युवक की मौत, भैंस चराने गया था खेत, परिवार में मचा कोहराम

Updated:
विज्ञापन
ठनका गिरने से  युवक की मौत

तेज आंधी बारिश, फोटो- एआई

समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड में वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. यह घटना तब हुई जब वह भैंस चराने के लिए खेत में गया था. इस दुखद हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है, खासकर पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

विज्ञापन

Thunderstorm Death Samastipur: समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड के हलई थाना क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. हादसा दरबा पंचायत के चौर में उस समय हुआ, जब युवक भैंस चराने गया था. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

मौसम बदला और पलभर में चली गई जान

मृतक की पहचान हरे राम राय के पुत्र बसंत राय के रूप में हुई है, जो दरबा पंचायत स्थित पानी टंकी के समीप का रहने वाला था.

बताया गया कि बसंत राय रोज की तरह चौर में भैंस चराने गया था. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और बूंदाबांदी शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज चमक और मेघ गर्जना के साथ ठनका गिरा, जिसकी चपेट में आने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा.

जब तक आसपास के लोग उसकी मदद के लिए पहुंचते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

सूचना मिलते ही मौके पर जुटी भीड़

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. वहीं सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे. युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.

ग्रामीणों के अनुसार, बसंत राय परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसके निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

सूचना मिलने पर हलई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रथम दृष्टया मौसम खराब होने के दौरान वज्रपात की वजह से युवक की मौत हुई है. मामले की जांच की जा रही है.

खुले चौर में मवेशी चराने वालों में दहशत

दरबा, इन्द्रवारा और आसपास के पंचायतों के सैकड़ों किसान व पशुपालक प्रतिदिन खुले चौर में मवेशी चराने जाते हैं. इस हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने खराब मौसम के दौरान खेत और खुले इलाकों में जाने से बचने की अपील की है.


विज्ञापन
Manoj Kumar Verma

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar Verma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन