खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में विस्फोट, महिला की मौत, बेटी गंभीर रूप से झुलसी
सांकेतिक तस्वीर
समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर में गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट होने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. खाना बना रही महिला की बेटी भी इस हादसे में गंभीर रूप से झुलस गई है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.
Samastipur News: मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के विशनपुर बेड़ी पंचायत के वार्ड 8 में शुक्रवार की देर शाम खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया. हादसे में 30 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पुत्री गंभीर रूप से झुलस गई. घायल बच्ची का इलाज मोहिउद्दीननगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई है.
खाना बनाने के दौरान अचानक हुआ सिलेंडर ब्लास्ट
मिली जानकारी के अनुसार मो. अनवर की पत्नी शामिला खातून घर में खाना बना रही थीं. इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया. विस्फोट के बाद लगी आग की चपेट में आने से शामिला खातून की मौके पर ही मौत हो गई.
आग की लपटों में उनकी पुत्री सुनैनी भी गंभीर रूप से झुलस गई. विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल बच्ची को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया.
गंभीर रूप से झुलसी बच्ची का अस्पताल में इलाज
हादसे में घायल सुनैनी का इलाज मोहिउद्दीननगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है. घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बनेंगे सेफ स्कूल जोन, स्कूलों के पास होंगे विशेष इंतजाम
सूचना पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलने पर एसआई सुनील कुमार सिंह और पीएसआई नीतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की.
इसके बाद पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
महिला की मौत और बच्ची के झुलसने की घटना के बाद विशनपुर बेड़ी गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. आसपास के लोग घटना को लेकर दुखी हैं और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने की बात कह रहे हैं.
मोहिउद्दीननगर थानाध्यक्ष सचिन कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बनेंगे सेफ स्कूल जोन, स्कूलों के पास होंगे विशेष इंतजाम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










