समस्तीपुर में शराब तस्करों पर बड़ा वार, ट्रक से 2196 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

छापेमारी में जब्त शराब की जांच करती उत्पाद विभाग की टीम
समस्तीपुर उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ अभियान में बड़ी कार्रवाई की है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक हाइवा ट्रक से 2196 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई और चालक को मौके से गिरफ्तार किया गया. विभाग अब पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है.
Samastipur News: जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर चौथ मोहल्ला में छापेमारी कर एक हाइवा ट्रक से 2196.36 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई. मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली थी कि झारखंड नंबर के एक हाइवा ट्रक से अंग्रेजी शराब की खेप लाई जा रही है.
सूचना के आधार पर मद्य निषेध निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई और चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
भोजपुर का रहने वाला है चालक
गिरफ्तार चालक की पहचान भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के सुरंगापुर निवासी मंतोष कुमार के रूप में हुई है. वह संत कुमार राम का पुत्र बताया गया है.
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह औरंगाबाद हाईवे से हाइवा ट्रक लेकर आया था. इसके लिए उसे 7 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी.
वाहन जब्त, चालक न्यायिक हिरासत में
उत्पाद विभाग ने शराब से लदे हाइवा ट्रक को जब्त कर लिया है. गिरफ्तार चालक के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी शराब खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था. मामले में अन्य तस्करों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










