Samastipur News:हलई बाजार के मोबाइल दुकान से डेढ़ लाख की चोरी
Published by : KRISHAN MOHAN PATHAK Updated At : 28 Sep 2025 6:49 PM
थाना क्षेत्र के हलई बाजार स्थित मुस्कान मोबाइल दुकान का चोरों ने शटर और ताला तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सामान व नकदी की चोरी कर ली.
Samastipur News: मोरवा : थाना क्षेत्र के हलई बाजार स्थित मुस्कान मोबाइल दुकान का चोरों ने शटर और ताला तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सामान व नकदी की चोरी कर ली. नवरात्र शुरू होने के बाद दो दिनों के भीतर यह चौथी चोरी की घटना है. इससे इलाके में दहशत का माहौल है. चोरी की घटना सीसीटीवी फुटेज में दर्ज है. इसमें एक व्यक्ति गमछे से चेहरा ढक कर चोरी करते व कैमरे को तोड़ते दिखाई दे रहा है. दुकान के मालिक चंदन कुमार साह जो राजद व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष व पंसस हैं ने बताया कि करीब चार साल पहले भी उनकी दुकान में चोरी हुई थी. उस समय पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण चोरों का मनोबल बढ़ गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार हलई बाजार से दो बाइक भी चोरी हुई है. इसके अलावा कृष्णा चौक स्थित एक मोबाइल दुकान में भी एक दिन पहले चोरी की घटना हुई थी. इन लगातार चोरियों से दुकानदार भयभीत हैं. सूचना मिलने पर थाना के दरोगा सुजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. मामले की छानबीन की. पुलिस ने घटनास्थल से टूटे हुए ताले और अन्य साक्ष्य एकत्र किये हैं. सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का शीघ्र उद्भेदन किया जायेगा. घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा थे. प्रशासन से हलई बाजार में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की. सरपंच हरेंद्र पंडित ने कहा कि यदि प्रशासन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेता है शायद इन्हें रोका जा सकता था. लेकिन प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी अक्सर मामलों का उद्भेदन नहीं हो पाता है. लोगों का आरोप है कि पुलिस की सक्रियता कम होने के कारण चोर बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. इस बाबत पीड़ित दुकानदार के द्वारा आवेदन सौंप कर कार्रवाई की मांग की गई है. थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि डीआइआयू टीम द्वारा मामले पड़ताल की गई है. सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसके आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर मामले के उद्भेदन करने में जुटी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










