जर्जर प्रखंड-अंचल कार्यालय बना हादसे का इंतजार, हर दिन खतरे के बीच कामकाज

प्रखंड कार्यालय का जर्जर छत | Prabhat Khabar Network
सरायरंजन प्रखंड और अंचल कार्यालय का जर्जर भवन कर्मचारियों और आम लोगों के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बन गया है. छत से लगातार प्लास्टर और कंक्रीट के टुकड़े गिर रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.
Sarairanjan News: सरायरंजन प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का जर्जर भवन कर्मचारियों, अधिकारियों और आम लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है. वर्षों पुराने भवन की छत से आए दिन प्लास्टर और कंक्रीट के टुकड़े गिर रहे हैं, जिससे यहां काम करने वाले कर्मचारियों और विभिन्न कार्यों से आने वाले लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं.
छत में दरारें, बरसात में टपक रहा पानी
स्थानीय लोगों के अनुसार भवन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. कई जगह छत में बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं और प्लास्टर उखड़ गया है. बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण कार्यालय के कमरों में रखी फाइलों और महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों के भी क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है.
जानकारी के अनुसार पूर्व में भी कई बार छत का प्लास्टर फरियादियों के ऊपर गिर चुका है. हालांकि अब तक कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ है, लेकिन दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है.
भय के माहौल में काम कर रहे कर्मचारी
प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों लोग विभिन्न सरकारी योजनाओं, राजस्व संबंधी कार्यों, प्रमाण-पत्र, दाखिल-खारिज और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े कार्यों के लिए पहुंचते हैं. कर्मचारियों का कहना है कि वे भी भय के माहौल में कार्यालय का संचालन करने को मजबूर हैं.
नए भवन का निर्माण जारी, लोगों ने की अंतरिम व्यवस्था की मांग
राहत की बात यह है कि सरायरंजन प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के नए भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है. विभागीय सूत्रों के अनुसार वर्ष के अंत तक नया भवन तैयार होने की संभावना है.
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जब तक नया भवन पूरी तरह तैयार नहीं हो जाता, तब तक जर्जर भवन के खतरनाक हिस्सों की मरम्मत कराई जाए या कार्यालय को अस्थायी रूप से किसी सुरक्षित भवन में संचालित किया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










