‘मछली पालनी है तो हर महीने ₹50 हजार दो’, समस्तीपुर में रंगदारी मांगने का आरोप

Updated:
विज्ञापन
‘मछली पालनी है तो हर महीने ₹50 हजार दो’, समस्तीपुर में रंगदारी मांगने का आरोप

Samastipur News: समस्तीपुर के विभूतिपुर में पट्टे पर लिए गए पोखर में मछली पकड़ने का विरोध करने पर ₹50 हजार महीना रंगदारी मांगने का आरोप लगा है. पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

विज्ञापन

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में पट्टे पर लिए गए पोखर में मछली पकड़ने का विरोध करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर न केवल उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की कोशिश की गई, बल्कि हर महीने ₹50 हजार रंगदारी देने की धमकी भी दी गई. मामले में थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है.

यह भी पढ़ें: साहू पोखर से गरीबनाथ मंदिर तक बदलेगा पूरा इलाका, बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर का मास्टर प्लान तैयार

पोखर पहुंचते ही शुरू हुआ विवाद

थाना क्षेत्र के केराई वार्ड संख्या-5 निवासी स्वर्गीय सुंदर साहनी के पुत्र लक्ष्मण साहनी ने विभूतिपुर थानाध्यक्ष को दिए आवेदन में बताया कि 2 जुलाई की शाम करीब तीन बजे वह अपने पट्टे पर लिए गए पोखर का निरीक्षण करने पहुंचे थे.

उनका आरोप है कि वहां तीन नामजद और करीब 10 अज्ञात लोग पोखर में मछली पकड़ रहे थे. जब उन्होंने इसका विरोध किया और कारण पूछा, तो सभी लोग गाली-गलौज करने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए.

‘मछली पालन करना है तो हर महीने ₹50 हजार दो’

पीड़ित के अनुसार आरोपितों ने धमकी देते हुए कहा कि यदि पोखर में मछली पालन करना है तो हर महीने ₹50 हजार रंगदारी देनी होगी. ऐसा नहीं करने पर पोखर की सारी मछलियां लूट लेने की धमकी दी गई.

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों का घर पोखर के बांध पर ही है और वे पहले भी कई बार पोखर से मछलियां निकाल चुके हैं. विरोध करने पर हमेशा धमकी और मारपीट की जाती है.

यह भी पढ़ें: बगहा में 2 महीने से जल रहा कचरा, जहरीले धुएं से ग्रामीण बेहाल; एसडीएम से कार्रवाई की मांग

विधिवत पट्टे पर लिया है पोखर

लक्ष्मण साहनी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने विभूतिपुर प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति लिमिटेड से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹7,840 में उक्त पोखर का विधिवत पट्टा लिया है और उसी के आधार पर मछली पालन कर रहे हैं.

पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़ित के आवेदन के आधार पर विभूतिपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: कभी शराबियों की गली कहलाने वाली यह जगह, अब शिक्षा और कारोबार का नया हब बन गई है

विज्ञापन
Aaruni Thakur

लेखक के बारे में

By Aaruni Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन