वारंटी पकड़ने पहुंची पुलिस पर पथराव, महिला पुलिसकर्मी घायल, तीन हिरासत में
सांकेतिक तस्वीर
समस्तीपुर के सिंधिया घाट बाजार में वारंटी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. सादे लिबास में होने के कारण हुई गलतफहमी के चलते हुई पत्थरबाजी में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है.
Samastipur News: विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंधिया घाट बाजार में वारंटी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची खानपुर थाना पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस दौरान हुई पत्थरबाजी में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई, जबकि पुलिस वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
आपके शहर में
Vibhutipur News: सादे लिबास के कारण हुई गलतफहमी
स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस टीम सादे लिबास में बाजार पहुंची थी. इसी वजह से लोगों को लगा कि कुछ संदिग्ध या अपराधी क्षेत्र में आए हैं. इसी गलतफहमी में ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई. इसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा.
वारंटी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी पुलिस
खानपुर थानाध्यक्ष शिव पूजन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एक वारंटी और कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सिंधिया घाट बाजार पहुंची थी. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चंदन चौधरी नामक युवक को भी हिरासत में लिया है. इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को ही अपराधी समझकर हमला कर दिया.
तीन लोगों से पूछताछ, अन्य की तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है. रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.
स्थिति अब नियंत्रण में
पुलिस के अनुसार फिलहाल क्षेत्र की स्थिति सामान्य है. बाजार में पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे मामले की जांच जारी है. अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और पुलिस कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर के लाल का ब्रिटेन में बजा डंका, कनिष्क नारायण बने यूके के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मंत्री
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए