समस्तीपुर: प्राकृतिक खेती किसानों के लिए वरदान, दिए गए अहम सुझाव
कृषि विज्ञान केंद्र बिरौली में प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन करते विधायक बीरेंद्र पासवान एवं अन्य अतिथि
Samastipur News: केवीके बिरौली में आयोजित प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण सह कार्यशाला में विधायक बीरेंद्र पासवान ने प्राकृतिक खेती को बिहार के किसानों के लिए वरदान बताया. वैज्ञानिकों ने किसानों को रासायनिक खेती छोड़ प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया. जानिए खबर विस्तार से...
समस्तीपुर के पूसा से सुभाष चंद्र कुमार की रिपोर्ट
Samastipur News: डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के अधीनस्थ कृषि विज्ञान केंद्र बिरौली में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन रोसड़ा विधायक बीरेंद्र पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यशाला की अध्यक्षता प्रधान वैज्ञानिक डॉ. आरके तिवारी ने की.
प्राकृतिक खेती को बताया भविष्य की जरूरत
मुख्य अतिथि विधायक बीरेंद्र पासवान ने कहा कि प्राकृतिक खेती बिहार के किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है. उन्होंने कहा कि पूसा की मिट्टी देश में सबसे अधिक उपजाऊ है और यहां के किसान नवीनतम कृषि अनुसंधानों का लाभ उठाकर खेती को नई दिशा दे रहे हैं. उन्होंने जल संरक्षण, पोखर और कुओं के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया.
वैज्ञानिकों ने बताए प्राकृतिक खेती के लाभ
वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्राकृतिक खेती जैविक और रासायनिक खेती से अलग है तथा इसे सामुदायिक स्तर पर अपनाना अधिक प्रभावी होता है. डॉ. मो. अब्बास अहमद ने किसानों से धीरे-धीरे रासायनिक खेती छोड़कर प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की. वैज्ञानिक भारती उपाध्याय ने अंतर्वर्ती खेती को अधिक लाभकारी बताया, जबकि आईसीएआर, नई दिल्ली के वैज्ञानिक डॉ. केशव ने भी प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी.
किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने की सलाह
कार्यशाला में भाजपा जिला उपाध्यक्ष मधुमाला ने कहा कि परंपरागत कृषि ही प्राकृतिक खेती का स्वरूप है और किसानों को प्राकृतिक संसाधनों के सहारे खेती करनी चाहिए. कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक बिनीता कश्यप ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. धीरू कुमार तिवारी ने किया.
कार्यक्रम में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी संतोष कुमार सहनी, भाजपा नेता कृष्ण कुमार मेघु, कृषि व्यवसायी पूजा सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और कृषि विशेषज्ञ उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










