Samastipur News: भीषण अग्निकांड: मोरवा में रेडीमेड गारमेंट फैक्ट्री जलकर खाक, 50 लाख से अधिक का नुकसान

आग से क्षतिग्रस्त दुकान
Samastipur News: मोरवा में शॉर्ट सर्किट से रेडीमेड गारमेंट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. इस हादसे में 50 लाख से अधिक का माल और मशीनें जलकर खाक हो गई हैं. पीड़ित परिवार के स्टार्टअप को भारी चोट पहुंची है. पढ़ें पूरी खबर…
Samastipur News: जिले के हलई थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरुषोत्तमपुर गांव में बुधवार तड़के आग लगने की एक बड़ी घटना हुई. शॉर्ट सर्किट की वजह से एक रेडीमेड गारमेंट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिससे फैक्ट्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई है. इस घटना में 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.
शॉर्ट सर्किट ने मचाई तबाही
मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना बुधवार की सुबह करीब 4 बजे हुई. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि फैक्ट्री में रखे मशीनों और तैयार कपड़ों को बचाने का मौका तक नहीं मिला. स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी. सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और पूरी फैक्ट्री मलबे में तब्दील हो गई थी. मौके पर डायल 112 की टीम भी पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.
स्टार्टअप पर लगा ग्रहण, परिवार सदमे में
यह फैक्ट्री धर्मेंद्र कुमार उर्फ किशन कुमार के मकान में पिछले कई सालों से संचालित हो रही थी. पीड़ित ने क्षेत्र में बेरोजगारी दूर करने और आत्मनिर्भर बनने के उद्देश्य से यह स्टार्टअप शुरू किया था. इस भीषण अग्निकांड ने न सिर्फ संपत्ति का नुकसान किया है, बल्कि पीड़ित परिवार के सपनों को भी झुलसा दिया है. फिलहाल पूरा परिवार गहरे सदमे में है.
घटनास्थल पर उमड़ी भीड़
घटना की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दमकल की गाड़ियों के आने में थोड़ा समय लगा, जिसके कारण आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका. पीड़ित व्यवसायी अब सरकार और प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगा रहा है ताकि इस भारी आर्थिक संकट से उबर सके.
समस्तीपुर से मनोज कुमार वर्मा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










