Samastipur: गंगापुर में भूसे के नीचे छिपी 9 हजार लीटर शराब बरामद, 1 करोड़ का माल जब्त

Updated:
विज्ञापन

गंगापुर में बरामद शराब से भरा ट्रक.

देर रात मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए धान के भूसे के नीचे छिपाई गई 9 हजार लीटर विदेशी शराब बरामद की. जब्त शराब और 12 चक्का ट्रक की अनुमानित कीमत 1 करोड़ रुपये आंकी गई है.

विज्ञापन

Samastipur News: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर उच्च विद्यालय के समीप गुरुवार की देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 चक्का ट्रक से करीब 9 हजार लीटर विदेशी शराब बरामद की. शराब को ट्रक में धान के भूसे से भरे बोरों के नीचे छिपाकर रखा गया था. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया.

गश्ती के दौरान सड़क किनारे खड़ा मिला ट्रक

पुलिस के अनुसार, गुरुवार की देर रात गश्ती के दौरान पुलिस टीम को गंगापुर उच्च विद्यालय के पास सड़क किनारे एक 12 चक्का ट्रक संदिग्ध हालत में खड़ा मिला. ट्रक की लाइट जल रही थी और इंजन भी चालू था, लेकिन मौके पर चालक मौजूद नहीं था.

संदेह होने पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी शुरू की. ट्रक पर तिरपाल लगा हुआ था. तिरपाल हटाने पर धान के भूसे से भरे बोरे दिखाई दिए. पुलिस को शक होने पर भूसे को हटाकर जांच की गयी तो उसके नीचे विदेशी शराब के कार्टन छिपाकर रखे मिले.

1,013 कार्टन में करीब 9 हजार लीटर विदेशी शराब

पुलिस ट्रक को जब्त कर थाना ले आयी और उसकी पूरी तलाशी ली. तलाशी के दौरान कुल 1,013 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गयी. पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 9 हजार लीटर है.

शराब को छिपाने के लिए तस्करों ने ट्रक में ऊपर से धान के भूसे से भरे बोरे रखे थे, जबकि शराब के कार्टन उनके नीचे छिपाये गये थे. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लायी गयी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.

करीब एक करोड़ रुपये का माल जब्त

थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये है. वहीं जब्त 12 चक्का ट्रक की कीमत करीब 30 से 40 लाख रुपये आंकी गयी है. इस तरह बरामद शराब और ट्रक समेत जब्त माल की कुल अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है.

एएसआई ब्रजेश कुमार सिंह ने कार्रवाई के दौरान ट्रक को जब्त किया. पुलिस अब शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है.

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

ट्रक मिलने के समय चालक के मौके से फरार होने के कारण पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार चालक की गिरफ्तारी के बाद शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिलने की संभावना है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

यह भी पढ़ें

विश्वविद्यालय में दूसरे दिन भी कर्मचारियों की हड़ताल जारी, कामकाज ठप


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन