CPI की रोसड़ा में बैठक, 28 सितंबर के राजभवन मार्च की तैयारी तेज, किसानों, मजदूरों और युवाओं के मुद्दे पर आंदोलन का ऐलान

Updated:
विज्ञापन

सीपीआई की बैठक में उपस्थित कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

रोसड़ा में CPI की बैठक में 28 सितंबर के राजभवन मार्च की रणनीति बनी. किसानों, मजदूरों, युवाओं के मुद्दों पर आंदोलन होगा. खाद, रोजगार, पेंशन वृद्धि की मांगें प्रमुख.

विज्ञापन

समस्तीपुर: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) रोसड़ा अंचल की बैठक मंगलवार को वार्ड पार्षद लक्ष्मण पासवान की अध्यक्षता में हुई. बैठक में अंचल मंत्री अनिल कुमार महतो ने कार्य प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. विभिन्न शाखाओं से पहुंचे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन की आगामी गतिविधियों के साथ किसानों, मजदूरों, युवाओं और छात्रों से जुड़े जनमुद्दों पर चर्चा की.

विज्ञापन

28 सितंबर के राजभवन मार्च की तैयारी

मुख्य अतिथि सीपीआई जिला सचिव सुरेंद्र कुमार सिंह ‘मुन्ना’ ने बाढ़ प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिलाने, किसानों के हित में उर्वरक नीति में सुधार, नयी शिक्षा नीति के विरोध, चारों श्रम कानूनों को वापस लेने और बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की बात कही.

उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन की राशि 1100 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये करने सहित अन्य मांगों को लेकर 28 सितंबर को प्रस्तावित राजभवन मार्च में बड़ी संख्या में लोगों से शामिल होने की अपील की. 28 सितंबर के राजभवन मार्च को लेकर बिहार के अन्य जिलों में भी तैयारियां किये जाने की खबरें सामने आयी हैं.

किसानों की खाद समस्या और सड़क निर्माण का मुद्दा

अंचल मंत्री अनिल कुमार महतो ने प्रखंड में सड़क निर्माण में कथित अनियमितता की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की. उन्होंने किसानों को खाद लेने से पहले ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने की व्यवस्था का विरोध करते हुए पूर्व की तरह ऑफलाइन माध्यम से खाद उपलब्ध कराने की मांग की.

उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर प्रखंड मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.

छात्रों की सुरक्षा और पेपर लीक पर भी चर्चा

एआईएसएफ जिला सचिव कुमार गौरव ने जमुई में छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना का उल्लेख करते हुए छात्रों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाये. उन्होंने शिक्षा नीति में बदलाव, बेरोजगार युवाओं को रोजगार और रिक्त सरकारी पदों पर नियमित परीक्षा के माध्यम से भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने का आह्वान किया.

उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की भी मांग की.

राजभवन मार्च के बाद प्रखंड मुख्यालय घेराव का निर्णय

रामबालक महतो और पैक्स अध्यक्ष रामबाबू यादव ने बताया कि 28 सितंबर के राजभवन मार्च के बाद रोसड़ा अंचल की स्थानीय जनसमस्याओं और वासविहीन परिवारों को बास की जमीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्रखंड मुख्यालय का घेराव किया जाएगा.

बैठक में 28 सितंबर के राजभवन मार्च को सफल बनाने के लिए 27 सितंबर की शाम ट्रेन से रोसड़ा से समस्तीपुर होते हुए पटना जाने और 500 से अधिक आम नागरिकों एवं सीपीआई कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया.

कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रखी बात

बैठक को रामचंद्र यादव, सईद अंसारी, साहब शर्मा, निसार अहमद, रुमल यादव, अनिल पासवान, पिंटू शर्मा, खुशबु कुमारी, शगुन पासवान, दिनेश साह, बैजू पासवान और रामबाबू राउत ने भी संबोधित किया.

मौके पर घूर्णी देवी, अनिल पासवान, सहदेव महतो, राजकुमार सदा, गरीब दास, फैयाज, छन्नू सिंह, रमेश पासवान, राजकुमार साह, अरविंद यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन