Bihar Weather: 24-26 सितंबर को इन 9 जिलों में मध्यम बारिश के आसार, वज्रपात और तेज हवा को लेकर अलर्ट
प्रतीकात्मक तस्वीर
उत्तर बिहार के 9 जिलों में 24 से 26 सितंबर तक मध्यम बारिश, वज्रपात और तेज हवा का पूर्वानुमान। किसानों के लिए खास सलाह भी दी गई है।
समस्तीपुर: डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से संयुक्त रूप से ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के तहत 23 से 27 सितंबर 2026 तक के लिए मध्यावधि मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है. मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा और आसमान में मध्यम से घने बादल छाये रहने की संभावना है.
हाल के दिनों में क्षेत्र में 17.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी है. पूर्वानुमान अवधि के दौरान उत्तर बिहार के ज्यादातर इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की आशंका जतायी गयी है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी है.
24 से 26 सितंबर के बीच इन जिलों में बारिश के आसार
उत्तर बिहार के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के भीतर हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है. हालांकि, 24 से 26 सितंबर के आसपास कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम स्तर की वर्षा होने का अनुमान है.
इनमें वैशाली, सारण, सीवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण तथा पश्चिमी चंपारण शामिल हैं.
38 डिग्री तक पहुंच सकता है दिन का तापमान
पूर्वानुमान के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 30 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
सुबह के समय हवा में सापेक्ष आर्द्रता 75 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर के समय 55 से 66 प्रतिशत तक रह सकती है. इससे लोगों को उमस का अनुभव हो सकता है.
15 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है पुरवा हवा
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान मुख्य रूप से पूर्वी या दक्षिण-पूर्वी दिशा यानी पुरवा हवा चलने की संभावना है. हवा की गति 8 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है.
किसानों को जल निकासी दुरुस्त रखने की सलाह
मौसम में आ रहे बदलाव को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को भी सलाह दी है कि वे खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखें. साथ ही कीटनाशकों का छिड़काव मौसम साफ होने पर ही करने को कहा गया है, ताकि बारिश के कारण दवा का प्रभाव कम न हो.
यह भी पढ़ें
दलसिंहसराय थाना के 6 ASI बने SI, एक साथ प्रमोशन से पुलिसकर्मियों में खुशी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए