समस्तीपुर: मोबाइल टावर में तार चोरी करते पकड़ा गया युवक, दो साथी फरार
दलसिंहसराय थाना
समस्तीपुर के दलसिंहसराय में मोबाइल टावर से तार चोरी के दौरान एक युवक पकड़ा गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए. सर्विस सेंटर से चोरी का भी खुलासा हुआ.
समस्तीपुर: दलसिंहसराय शहर के थाना रोड स्थित एक गाड़ी सर्विस सेंटर में पिछले तीन महीने से मोटर समेत कई सामान की चोरी की घटनाएं होने की बात सामने आयी है. इसी बीच मंगलवार की अहले सुबह सर्विस सेंटर के पास स्थित मोबाइल टावर में तीन युवक तार काटकर चोरी कर रहे थे. स्थानीय लोगों के पहुंचने पर दो युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये, जबकि एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
टावर में तार काटते पकड़ा गया युवक
बताया जाता है कि सर्विस सेंटर में लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर आसपास के लोग सतर्क थे. इसी दौरान मंगलवार की सुबह कुछ लोगों ने मोबाइल टावर के पास तीन युवकों को तार काटते देखा.
लोगों को अपनी ओर आता देख दो युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले. वहीं, एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम शाहपुर पटोरी निवासी दिलीप पोद्दार का पुत्र राहुल कुमार बताया.
दो युवकों पर चोरी के लिए पैसे देने का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, पकड़े गये राहुल से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि सरदारगंज और सलखन्नी के बिक्की और बिट्टू नामक युवक उसे चोरी करने के लिए पैसे देते थे. राहुल ने कथित तौर पर दोनों को चोरी की घटनाओं में शामिल बताया. उसने यह भी बताया कि दोनों में से एक युवक जेल से छूटकर आया है.
हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है.
सर्विस सेंटर से तीन महीने में तीन मोटर चोरी
सर्विस सेंटर से जुड़े सौरभ सुमन ने बताया कि पिछले तीन महीनों में वहां से तीन मोटर और एक गैस चूल्हा चोरी हो चुका है. उन्होंने इन चोरी की घटनाओं में पकड़े गये युवक समेत तीनों युवकों के शामिल होने की बात कही.
मंगलवार की रात मोबाइल टावर में तार काटने के दौरान राहुल को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया.
पुलिस कर रही पूछताछ
युवक को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. पुलिस उसके द्वारा बताये गये अन्य युवकों की भूमिका और सर्विस सेंटर से हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है. पुलिस जांच और सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई करेगी.
यह भी पढ़ें
दलसिंहसराय थाना के 6 ASI बने SI, एक साथ प्रमोशन से पुलिसकर्मियों में खुशी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए