ज्वेलर्स गोलीकांड में जांच तेज, एक युवक से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों के सहारे आगे बढ़ रही पुलिस

Updated:
विज्ञापन
मोबाइल में छिपा है जेवर व्यवसायी गोली कांड का राज!

समस्तीपुर के विभूतिपुर में जेवर व्यवसायी पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस जांच में जुटी है. एसटीएफ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ से अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

विज्ञापन

Samastipur News: विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघियाघाट में जेवर व्यवसायी पर हुई गोलीबारी की घटना के चौथे दिन भी पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिली है. मामले की जांच में एसटीएफ के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

मोबाइल और तकनीकी साक्ष्यों की हो रही जांच

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवक का मोबाइल फोन खंगाला जा रहा है. जांच टीम का मानना है कि मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं. घटना की जांच में वैज्ञानिक और तकनीकी तरीकों का सहारा लिया जा रहा है.

टावर डंपिंग, सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम

जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास टावर डंपिंग कराकर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लोकेशन के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने की कवायद शुरू की है. अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों की रूट मैपिंग भी की जा रही है. इसके अलावा हाईवे टोल प्लाजा और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है. पुलिस बोलेरो चालक और संदिग्ध बदमाशों की पहचान तकनीकी इनपुट और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर करने में जुटी है.

पुलिस ने जल्द खुलासे का जताया भरोसा

थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान तेज कर दिया गया है. जांच टीम जल्द ही अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार करने की दिशा में काम कर रही है. उन्होंने कहा कि बोलेरो चालक की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है.

घायल जेवर व्यवसायी दिनेश साह और उनके परिजन अभी भी दहशत में हैं. वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों ने घटना की निंदा करते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, घायल व्यवसायी के समुचित इलाज, परिवार की सुरक्षा तथा सिंघियाघाट और आसपास के बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.


विज्ञापन
Krishan Mohan Pathak

लेखक के बारे में

By Krishan Mohan Pathak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन