वसूली कर लौट रहे फाइनेंस कर्मी को बदमाशों ने घेरा, पिस्टल दिखाकर लूट ले गए रुपयों से भरा बैग

फतेहपुर में फाइनेंस कर्मी से पिस्तौल के बल पर लूट
समस्तीपुर जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है. सरायरंजन थाना क्षेत्र में फाइनेंस कर्मी से पिस्तौल के बल पर रुपयों से भरा बैग लूट लिया गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
Samastipur Crime: समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम बेखौफ बदमाशों ने एक फाइनेंस कर्मी को निशाना बनाया. मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में बाइक सवार अपराधियों ने पिस्टल के बल पर फाइनेंस कर्मी से रुपयों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
वसूली कर लौट रहे थे फाइनेंस कर्मी
पीड़ित फाइनेंस कर्मी विजय कुमार, जो मोतीपुर गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि वह विभिन्न जगहों से रुपये की वसूली कर बाइक से लौट रहे थे. इसी दौरान फतेहपुर गांव के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया.
पिस्टल दिखाकर बैग लेकर फरार हुए बदमाश
पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने पिस्टल तानकर उन्हें डराया और उनके पास मौजूद बैग छीन लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी बाइक से फरार हो गए. घटना इतनी तेजी से हुई कि फाइनेंस कर्मी संभल भी नहीं सके. हालांकि, बैग में कितनी नकदी थी, इसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है. पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.
पुलिस बोली- राशि का नहीं हुआ खुलासा
मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि फाइनेंस कर्मी से लूट की सूचना मिली है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बदमाश कितनी राशि लूटकर ले गए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढे़ं: 15 अगस्त से बिहार के स्कूलों में शुरू होगा PRASHAST App अभियान, जानिए कैसे होगी बच्चों की स्क्रीनिंग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










