ताजपुर रोड पर ROB निर्माण बना खतरा, ई-रिक्शा पलटा, बड़ा हादसा टला

Updated:
विज्ञापन

ई-रिक्शा को सीधा करते स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network

समस्तीपुर के ताजपुर रोड पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का काम अब हादसों का सबब बन रहा है. सड़क पर फैले मलबे और गड्ढों के कारण एक ई-रिक्शा पलट गई, जिससे सड़क किनारे आम बेच रहे एक फल विक्रेता को हजारों का नुकसान हुआ. स्थानीय लोगों में आक्रोश है.

विज्ञापन

Tajpur ROB: समस्तीपुर शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल ताजपुर रोड पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का काम अब लोगों के लिए परेशानी के साथ-साथ हादसों की वजह भी बनता जा रहा है. सड़क पर फैले मलबे, गहरे गड्ढों और गिट्टी के कारण बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया. एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे आम बेच रहे फल विक्रेता पर जा गिरी. हादसे में विक्रेता के हजारों रुपये के आम और उसकी साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

मलबे और गड्ढों में पलटी ई-रिक्शा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के कारण सड़क पर गिट्टी, बड़े पत्थर और मिट्टी बिखरी हुई है. इसी बीच एक ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई. ई-रिक्शा सीधे सड़क किनारे ठेला लगाकर आम बेच रहे फल विक्रेता पर जा गिरी.

सड़क पर बिखर गए सैकड़ों आम

हादसे में फल विक्रेता के आम से भरे कई प्लास्टिक कैरेट और साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. सैकड़ों आम सड़क पर बिखरकर खराब हो गए, जिससे गरीब विक्रेता को हजारों रुपये का नुकसान हुआ. स्थानीय लोगों का कहना है कि उसकी रोजी-रोटी का यही एकमात्र सहारा था और इस घटना से वह आर्थिक संकट में आ गया है.

लोगों ने मशक्कत कर हटाया ई-रिक्शा

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद ई-रिक्शा को सीधा किया और सड़क पर बिखरे सामान को हटाया. राहत की बात रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन स्थानीय लोग इसे निर्माण एजेंसी की लापरवाही का नतीजा बता रहे हैं.

सुरक्षा इंतजाम नहीं, लोगों में आक्रोश

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर न तो सुरक्षा बैरिकेडिंग की गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है. आए दिन दोपहिया और ई-रिक्शा जैसे वाहन यहां दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं. लोगों ने जिला प्रशासन और निर्माण एजेंसी से तत्काल सड़क की सफाई, मलबा हटाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा.

यह भी पढे़ं: 15 अगस्त से बिहार के स्कूलों में शुरू होगा PRASHAST App अभियान, जानिए कैसे होगी बच्चों की स्क्रीनिंग


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन