एक्सप्रेस-वे का एलाइनमेंट बदलने की मांग, मुसरीघरारी चौराहे पर डेढ़ घंटे प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

मुसरिघरारी में प्रदर्शन करते प्रदर्शनकारी

पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के प्रस्तावित रूट को बदलने की मांग को लेकर मुसरीघरारी चौराहे पर लोगों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया. सैकड़ों घरों, दुकानों और एक कॉलेज पर खतरे की आशंका के चलते लोगों ने भूमि अधिग्रहण रोकने की मांग की.

विज्ञापन

Patna Purnia Expressway: पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के सरायरंजन खंड में प्रस्तावित एलाइनमेंट (रूट) को बदलने की मांग को लेकर गुरुवार को मुसरीघरारी चौराहे पर भारी विरोध प्रदर्शन हुआ. 'पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे रूट सुधार जन संघर्ष समिति' के बैनर तले जुटे लोगों ने प्रस्तावित रूट को जनविरोधी बताते हुए जमकर नारेबाजी की और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की. इस प्रदर्शन के कारण मुसरीघरारी चौराहे पर करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं.

मुसरिघरारी में प्रदर्शन करते प्रदर्शनकारी | Prabhat Khabar Network
मुसरिघरारी में प्रदर्शन करते प्रदर्शनकारी | Prabhat Khabar Network

Samastipur News: सैकड़ों मकान, दुकान और कॉलेज का अस्तित्व खतरे में

जन संघर्ष समिति के सदस्यों ने बताया कि सरकार द्वारा तय किए गए मौजूदा एलाइनमेंट से सरायरंजन अंचल क्षेत्र में सैकड़ों लोगों के रिहायशी मकान और व्यावसायिक दुकानें पूरी तरह प्रभावित होने की आशंका है.इसके अलावा, क्षेत्र के प्रमुख शिक्षा संस्थान 'केएसआर महाविद्यालय' (KSR College) की इंटर बिल्डिंग, डिग्री भवन के कुछ हिस्से और कॉलेज का खेल मैदान भी इस परियोजना की जद में आ रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने साफ किया कि वे एक्सप्रेस-वे के निर्माण के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि वे चाहते हैं कि सरकार ऐसे वैकल्पिक मार्ग का चयन करे जिससे कम से कम जन-धन का नुकसान हो.

Expressway Protest: अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन

सड़क जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी (CO) निशांत कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार रंजन, और मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.जिलाधिकारी (DM) के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से उनकी मांगों से संबंधित ज्ञापन लिया और इसे शीघ्र ही वरीय अधिकारियों व राज्य सरकार तक भेजने का आश्वासन दिया. प्रशासनिक आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को दोबारा सामान्य कराया.

उग्र आंदोलन की चेतावनी

जन संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन और सरकार ने उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए एलाइनमेंट में सुधार नहीं किया, तो आने वाले दिनों में और अधिक उग्र एवं चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा..


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन