ड्यूटी के दौरान आरपीएफ एएसआई की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
प्रतीकात्मक तस्वीर
समस्तीपुर आरपीएफ पोस्ट पर ड्यूटी के दौरान सहायक उपनिरीक्षक छत्रपति प्रसाद यादव की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. उन्हें रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई.
Samastipur News: समस्तीपुर आरपीएफ पोस्ट पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) छत्रपति प्रसाद यादव की देर रात ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
ड्यूटी के दौरान अचानक हुए बेहोश
जानकारी के अनुसार, बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के शालिग्राम गांव निवासी छत्रपति प्रसाद यादव इन दिनों समस्तीपुर आरपीएफ पोस्ट पर तैनात थे और रिजर्व कंपनी से संबद्ध थे.
उनके पुत्र गुलशन कुमार ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे ड्यूटी के दौरान उनके पिता अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रात करीब 2 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिजनों को दी गई सूचना
घटना के बाद आरपीएफ अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को सूचना दी. सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य बुधवार सुबह समस्तीपुर पहुंचे. विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा.
परिजनों ने बताया कि छत्रपति प्रसाद यादव की सेवा अवधि में अभी करीब दो वर्ष शेष थे.
राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को रेलवे सुरक्षा बल रिजर्व पोस्ट परिसर में एएसआई छत्रपति प्रसाद यादव को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई.
इस दौरान कमांडेंट आशीष कुमार, असिस्टेंट कमांडेंट राजेश कुमार, इंस्पेक्टर अविनाश क्रोशिया, सब इंस्पेक्टर श्याम सुंदर कुमार, शशिकांत तिवारी सहित आरपीएफ के अधिकारी और जवान मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: सरायरंजन में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन वर्षीय बच्चे समेत दो गंभीर घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










