रोसड़ा बाइपास निर्माण को मिली रफ्तार, 57.84 करोड़ की परियोजना से जाम से मिलेगी राहत
प्रतीकात्मक AI तस्वीर
रोसड़ा शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए 13.815 किलोमीटर लंबे बाइपास का निर्माण शुरू, 57.84 करोड़ की लागत से 18 महीने में पूरा होगा काम।
Rosera Bypass: लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे रोसड़ा शहर के लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. रोसड़ा बाइपास परियोजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है. करीब 57.84 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना की कुल लंबाई 13.815 किलोमीटर होगी, जिसे 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
उत्तरी और दक्षिणी बाइपास का होगा निर्माण
परियोजना के तहत उत्तरी और दक्षिणी, दोनों बाइपास का निर्माण किया जाएगा.
उत्तरी बाइपास की शुरुआत कलवारा चौक (रोसड़ा-हथौड़ी कोठी मार्ग) से होगी. यह मार्ग लालपुर, मोहम्मदपुर और पवड़ा होते हुए ढरहा (एसएच-88) तक जाएगा. इससे उत्तर और पूर्व दिशा से आने वाले वाहनों को सीधे राज्य उच्च पथ से जोड़कर शहर के भीतर यातायात का दबाव कम किया जाएगा.
वहीं दक्षिणी बाइपास रहुआ (एसएच-55) से शुरू होकर लालपुर (एसएच-55) तक जाएगा. यह मार्ग पश्चिम और दक्षिण दिशा से आने वाले वाहनों को रोसड़ा बाजार में प्रवेश किए बिना आगे बढ़ने की सुविधा देगा.
भारी वाहनों को मिलेगा निर्बाध मार्ग
बाइपास बनने के बाद रोसड़ा शहर में वर्षों से लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ही समस्तीपुर, बेगूसराय और दरभंगा की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी सुगम और निर्बाध आवागमन का मार्ग उपलब्ध होगा.
टेंडर प्रक्रिया पूरी, निर्माण कार्य को मिली मंजूरी
पथ निर्माण विभाग परियोजना को पहले ही प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दे चुका है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को हरी झंडी मिल गई है. निर्माण कार्य की जिम्मेदारी मे. वीणा सिंह को सौंपी गई है.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की तैयारी की जा रही है. क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि निर्धारित अवधि में निर्माण पूरा होने के बाद रोसड़ा की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.
यह भी पढ़ें: फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चल रही चोरी की कार के साथ दो गिरफ्तार, भेजे गए जेल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










