सदर थाना पुलिस ने कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ दो युवकों को दबोचा, मोटरसाइकिल भी जब्त

फोटो - गिरफ्त में आरोपित | Prabhat Khabar Network
सहरसा में पुलिस ने शनिवार रात गुप्त सूचना पर एक बड़ी कार्रवाई की है. काले-लाल रंग की पल्सर पर सवार दो युवकों को अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया है.
Crime News: सहरसा. सदर थाना पुलिस ने शनिवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गुप्त सूचना पर शुरू किया गया वाहन जांच अभियान
सदर थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि काले-लाल रंग की पल्सर-220 मोटरसाइकिल (बीआर-19 एबी-0359) पर सवार दो युवक रिफ्यूजी चौक से शर्मा चौक की ओर जा रहे हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने शर्मा चौक-रिफ्यूजी चौक मार्ग पर वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया.
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
वाहन जांच के दौरान प्राची मेडिकल के समीप संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी. पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया.
कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद
पूछताछ में गिरफ्तार युवकों की पहचान रिफ्यूजी कॉलोनी वार्ड संख्या-06/41 निवासी 20 वर्षीय अभिकांत यादव, पिता मनोज यादव तथा 21 वर्षीय रोशन यादव, पिता बृजेश यादव के रूप में हुई. तलाशी के दौरान अभिकांत यादव के पास से एक देशी कट्टा और रोशन यादव की जेब से 8 एमएम का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. दोनों आरोपित हथियार और कारतूस से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके.
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर सदर थाना लाया तथा कट्टा, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल जब्त कर ली. गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को भी दे दी गई है. सदर थाना पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
Crime News: पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










