कोसी की उपधारा में डूबने से दो बच्चियों की मौत, एक का शव बरामद

Updated:
विज्ञापन
कोसी की उपधारा में डूबने से दो बच्चियों की मौत, एक का शव बरामद

घटना स्थल

सहरसा के नवहट्टा प्रखंड में कोसी की उपधारा पार करने के दौरान दो 15 वर्षीय बच्चियों की डूबने से मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने एक बच्ची का शव बरामद कर लिया है, जबकि दूसरी की तलाश जारी है.

विज्ञापन

सहरसा से राजेश डैनजील की रिपोर्ट: जिले के नवहट्टा प्रखंड अंतर्गत कोसी पूर्वी तटबंध के अंदर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां खेत से तरबूज खरीदकर अपने घर लौट रही दो किशोरियों की कोसी नदी की उपधारा में डूबने से मौत हो गई. दिनदहाड़े हुई इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद एक बच्ची का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरी बच्ची की तलाश अब भी जारी है.

तटबंध पार करने के दौरान गहरे पानी में गईं बच्चियां

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवहट्टा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-8 निवासी मो. नौशाद और मो. सदरे की 15 वर्षीय बेटियां रविवार को तटबंध के अंदर खेतों की तरफ तरबूज खरीदने गई थीं. तरबूज लेकर पैदल वापस लौटने के क्रम में दोनों तटबंध किनारे कोसी नदी की उपधारा को पार कर रही थीं. इसी दौरान पैर फिसलने या अंदाजा न मिल पाने के कारण दोनों बच्चियां अचानक गहरे पानी (दह) में चली गईं और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगीं.

एक शव बरामद, दूसरी की खोजबीन जारी

घाट किनारे मौजूद लोगों ने जब बच्चियों को डूबते देखा, तो शोर मचाया. आवाज सुनकर भारी संख्या में आसपास के ग्रामीण और स्थानीय तैराक मौके पर पहुंचे और नदी में छलांग लगाकर दोनों की खोजबीन शुरू की. काफी प्रयासों के बाद एक बच्ची का निष्प्राण शरीर पानी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरी बच्ची का समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिल पाया था. स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम लगातार लापता बच्ची की तलाश में जुटी है.

परिजनों में कोहराम, गांव में पसरा सन्नाटा

इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही नगर पंचायत में फैली, मृतक बच्चियों के परिजनों में कोहराम मच गया. माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्हें सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके आवास पर पहुंच रहे हैं. इस दुखद घटना से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आपदा प्रबंधन विभाग से अविलंब सरकारी सहायता राशि देने की गुहार लगाई है.

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन